गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: पंचायत प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत ने जिले के तीनों जनपद पंचायतों में लंबे समय से एक ही ग्राम पंचायत में पदस्थ ग्राम पंचायत सचिवों का व्यापक तबादला किया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों के तहत कुल 43 ग्राम पंचायत सचिवों का स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जनपद पंचायत मरवाही के 26, गौरेला के 15 तथा पेंड्रा के 2 ग्राम पंचायत सचिवों को नई पंचायतों में पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही कई सचिवों को अतिरिक्त ग्राम पंचायतों का प्रभार भी सौंपा गया है, जो आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
मरवाही जनपद में राजेश जायसवाल, बीरबल प्रजापति, अरुणादेवी कैवर्त और लाल सिंह मराबी सहित कई सचिवों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं तथा अतिरिक्त प्रभार भी दिए गए हैं। वहीं गौरेला जनपद में चंद्रकांत राठौर, गोविंद सिंह, नरोत्तम सिंह, शैलेन्द्र आयाम, आरती कश्यप, अंजली चंद्रा समेत अन्य सचिवों का स्थानांतरण किया गया है। पेंड्रा जनपद में राय सिंह मशराम और संतराम यादव को नई ग्राम पंचायतों में पदस्थ किया गया है।
जिला पंचायत का कहना है कि लंबे समय से एक ही पंचायत में कार्यरत सचिवों का स्थानांतरण प्रशासनिक कसावट, कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और पंचायतों में बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से किया गया है। नई पदस्थापना के साथ सचिवों को तत्काल नवीन कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

