CG के इस जिले में 15 दिनों तक बंद रहेंगी शराब दुकानें, नॉनवेज पर भी लगा बैन, जाने वजह…
गरियाबंद।
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आज 1 फरवरी से राजिम कुंभ कल्प 2026 का शुभारंभ हो गया है, जो महाशिवरात्रि तक कुल 15 दिनों तक चलेगा। इस दौरान देश-भर से संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं का दिव्य समागम धर्म नगरी राजिम में होगा।
धार्मिक आयोजन की पवित्रता और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। 1 से 15 फरवरी तक पूरे जिले में मांस, मछली और मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके तहत सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी और नॉनवेज की बिक्री भी पूरी तरह निषेध होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजिम क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में इस आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में दाल-भात केंद्र भी संचालित किए जाएंगे, ताकि उन्हें शुद्ध और सात्विक भोजन उपलब्ध हो सके।
राजिम कुंभ कल्प के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले सकें।





