कोरबा : कटघोरा वन मंडल से एक बेहद ही हृदयविदारक और दर्दनाक खबर सामने आ रही है यहाँ जटगा वन परिक्षेत्र के धवलपुर जंगल में एक 40 वर्षीय युवक को हाथी ने बेरहमी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया है। हाथी के हमले में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम संतोष (उम्र 40 वर्ष) था। बताया जा रहा है कि संतोष बीती रात अपनी गायों को चराने के लिए जंगल की तरफ गया हुआ था. इसी दौरान जंगल में घात लगाए बैठे हाथियों के दल से उसका सामना हो गया। 18 हाथियों के झुंड ने किया हमला प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान में जटगा वन परिक्षेत्र में 18 हाथियों का एक बड़ा झुंड लगातार विचरण कर रहा है। रात के अंधेरे में संतोष इस झुंड की चपेट में आ गया। एक हाथी ने संतोष पर हमला करते हुए उसे बुरी तरह पटक दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कटघोरा वन मंडल में 49 हाथियों का डेरा, अलर्ट जारी इस घटना ने वन विभाग की चिंताएं बढ़ा दी हैं। बताया जा रहा है कि इस वक्त अकेले कटघोरा वन मंडल में कुल 49 हाथियों का दल अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूद है। इतनी बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण इलाकों में भारी खतरा मंडरा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। वन विभाग ने आस-पास के ग्रामीणों को अलर्ट जारी करते हुए रात के समय या अकेले जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी है।