• Rajnandgaon: बैंक में चोरी: मेन गेट का ताला तोड़कर घुसे चोर, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर साथ ले गए

    राजनांदगांव / छुरिया- भोलापुर। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की भोलापुर शाखा (8257) में 24 सितंबर 2025 की शाम 6:00 बजे से 25 सितंबर 2025 की सुबह 9:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शाखा प्रबंधक पी. यशवंत कुमार के अनुसार, चोरों ने शाखा का शटर गेट, मेन गेट और लॉकर रूम का ताला तोड़कर DVR रिकॉर्डर, जिसकी कीमत लगभग 11,000 रुपये बताई गई है, चोरी कर लिया।

    चोरी की जानकारी शाखा प्रबंधक को उनके मैसेंजर द्वारा दी गई, जो यह सूचना गाँव के लोगों से प्राप्त हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर प्रबंधक ने तुरंत संबंधित थाना छुरिया में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 305, 331 बीएनएसएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

    यह भी पढे : Rajnandgaon: ऊर्जा पार्क के पास युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी

  • Rajnandgaon: ऊर्जा पार्क के पास युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी

    विवेक शर्मा पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की का आरोप

    राजनांदगांव। वेदांश शर्मा ब्राम्हणपारा निवासी कॉलेज छात्र ने ऊर्जा पार्क के पास उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। छात्र ने बताया कि 23 सितम्बर की शाम करीब 6 बजे वह अपने साथी राहुल मरकाम के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। उसी दौरान ऊर्जा पार्क के बाजू में विवेक शर्मा मिला और रुकने का इशारा किया।

    जैसे ही छात्र स्कूटी से उतरा, विवेक शर्मा ने उसे गाली-गलौज करते हुए कहा कि ‘तु मेरे केस में समझौता करेगा कि नहीं।’ मना करने पर विवेक शर्मा ने जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की कर मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि उसे गंभीर चोट नहीं आई है, इसलिए वह मुलाहिजा नहीं कराएगा। घटना का प्रत्यक्षदर्शी उसके साथी राहुल मरकाम रहा।

    यह भी पढे: Rajnandgaon: हनुमान मंदिर के पास चाकू लहरा कर आने जाने वालो को डरा धमका रहा था आरोपी, गिरफ्तार …

  • राजनंदगांव : प्रबुद्धजन सम्मेलन में विशिष्ट व्यक्तित्व का सम्मान किया गया – लाल किले से मोदी जी द्वारा शौचालय की बात से मुझे भी आश्चर्य हुआ था – डॉ. रमन सिंह

    राजनंदगांव, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन के अवसर को 140 करोड़ देशवासियों को समर्पित करते हुए 17  सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े के तहत आज सिंधु भवन, हेमू कालानी नगर में प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया ।

      कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह,योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा एवं औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित थे। मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाते हुए एवं श्यामाप्रसाद मुखर्जी तथा भारत माता की तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, तत्पश्चात पूर्णिमा साहू ने राष्ट्र के नाम गीत को समर्पित किया।

      मुख्य वक्ता के रूप में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा कि मोदी जी का अद्भुत कुशल नेतृत्व न केवल देश में बल्कि समूचे ब्रह्मांड में अद्वितीय है, उनकी विशिष्ट शैली उन्हें औरों से बेहतर बनाती है । पंडित दीनदयाल उपाध्याय को याद करते हुए डॉ रमन सिंह ने कहा कि अंत्योदय के सिद्धांत के आधार पर ही आज केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं चल रही है। जिसका लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और गरीबों के कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सरकार द्वारा क्रियान्वयन कर मोदी जी भारत मां की सेवा कर रहे हैं।

    डॉ रमन सिंह ने कहा कि लाल किले के प्राचीर से जब मोदी जी ने शौचालय निर्माण की बात की थी तो उन्हें भी आश्चर्य लगा था, कि देश के प्रधानमंत्री शौचालय के लिए क्यों बोल रहे हैं, परंतु बाद में जब गांव-गांव में करोडो शौचालय बनने लगे, और स्वच्छता अभियान के कारण गांव के लोगों ने शौचालय का उपयोग किया तो बीमारियां घटने लगी, उन्होंने मोदी जी की समग्र सोच के पीछे अंत्योदय सिद्धांत को कारण बताते हुए कहा कि जनधन योजना में गरीबों के करोड़ों खाते खुल गए और उस समय कांग्रेस के लोग खाता खोलने पर योजना का मजाक उड़ाने लगे, बाद में जब योजनाओं का पैसा गरीबों के खाते में सीधे ही ट्रांसफर होने लगा तो मोदी जी के समग्र सोच का एहसास देशवासियों को हुआ । एक समय में कांग्रेस शासन काल में गरीबों को भेजा गया ₹ 1 का 85 पैसा गायब हो जाता था । आज मोदी जी के शासनकाल में गरीबों को खाते में सीधा पैसा ट्रांसफर हो रहा है। भारतीय अर्थव्यवस्था की प्रशंसा करते हुए डॉ रमन सिंह ने कहा कि आज विश्व के सभी देशों की जीडीपी तीन से पांच परसेंट तक सीमित है सिर्फ भारत ही ऐसा देश है जो मोदी जी के नेतृत्व में लगातार अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में वृद्धि कर रहा है, उन्होंने मोदी जी की समग्र सोच को जन-जन तक पहुंचाने का आवाहन किया।

    मोदी जी ने गरीबों का सपना साकार किया -राजीव अग्रवाल

     सम्मेलन में औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधारो का खुले दिल से स्वागत किया उनका कहना था कि नहीं टैक्स दरें प्रदर्शित सरलता और डिजिटल प्रक्रियाओं के चलते व्यापार को नई दिशा में देगी। जीएसटी की दरों में कमी आने से न केवल व्यापार की गति बढ़ेगी बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान होगा श्री अग्रवाल ने बताया कि केंद्र सरकार का उद्देश्य व्यापार को सरल बनाना है और कराधान प्रणाली को पारदर्शी बनाकर देश को आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर करना है उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारो से व्यापारियों का बोझ घटेगा और नए अवसर उत्पन्न होंगे।उन्होंने कहा कि जीएसटी की दर कम होने से गरीबों का सपना साकार होगा और महंगी वस्तुएं भी अब उनकी पहुंच में होगी । 

    चैंबर ऑफ़ कॉमर्स ने डॉ रमन सिंह का सम्मान किया

     इस अवसर पर जीएसटी की दरें सरकार द्वारा कम करने पर चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष कमलेश बैद के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल ने डॉ रमन सिंह का सम्मान किया, चेंबर ऑफ कॉमर्स के विनोद डड्डा ,तरुण लहरवानी एवं दीपक नवलखा ने कहा कि जीएसटी में इनपुट क्रेडिट की सुविधा से नगदी प्रवाह बेहतर होगा और कारोबार में मुनाफा बढ़ने के साथ उपभोक्ताओं को भी रोजमर्रा की वस्तुओं पर कम कीमतों का लाभ मिलेगा ।

    दिव्यांगजनो एवं कुशल व्यक्तित्व का सम्मान किया गया

    सम्मेलन में विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान किया गया । जिसमें दिव्यांगजनों की कुशल प्रतिभा के लिए उनका विशेष रूप से सम्मान किया गया ।मोदी जी की सोच के अनुरूप आजईश्वर की विशेष कृति दिव्यांग जनों को अपने कौशल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया जिसमें दृष्टि बाधित भूपेश देशलहरा को पैराओलंपिक जूडो हेतु सम्मानित किया ।  चित्रभान गावडे को राष्ट्रीय शतरंज एवं छत्तीसगढ़ लोक कला के लिए सम्मानित किया गया ।

     नरेंद्र देवदास को अस्थिबाधित होने के बावजूद पैरालंपिक क्रिकेट का प्रतिनिधित्व करने पर उन्हें सम्मानित किया गया । मूकबधिर दीपचंद साहू को शानदार डिजिटल पेंटिंग के लिए सम्मानित किया गया । ओलंपिक जीतकर आने वाले शीतलेश पटेल का भी सम्मान किया गया ।आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत वोकल फॉर लोकल के लिए श्रीमती गुरुवचन कौर सावलानी का कृपाल केला चिप्स एवं घरेलू प्रोडक्ट को लघु उद्योग में बदलने हेतु .सम्मान किया गया ।

    देश आत्मनिर्भर होगा तो फिर से सोने की चिड़िया बनेगा –रूपनारायण सिन्हा

    सम्मेलन में योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिंह ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश लोकल का वोकल प्रोत्साहित करते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है, अगर सभी लोग स्वदेशी अपनाएं तो हमें विदेशी वस्तुओं की ओर देखना नहीं पड़ेगा और हम आत्मनिर्भर होकर देश को पुनः सोने की चिड़िया बना सकते हैं, इस हेतु रूपनारायण सिन्हा ने उपस्थित लोगों से स्वदेशी अपनाने का आह्वान भी किया।

    सम्मेलन में विज्ञान महाविद्यालय के प्रोफेसर एस कन्नौज एवं अधिवक्ता कमल किशोर साहू ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है ।जीएसटी की दरों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया ।

    कार्यक्रम का सफल संचालन अमर लालवानी एवं राजा मखीजा तथा आभार प्रदर्शन आलोक बिंदल, योगेश बागड़ी एवं राजेश खांडेकर ने किया।

    इस अवसर पर प्रमुख रूप से  चार्टर्ड अकाउंटेड राजेश जैन अधिवक्ता बनवारी लाल सोनी,छत्तीसगढ़ ब्राह्मण समाज से शरद तिवारी, प्रदेश संयोजक डडसेना समाज से दीपक सिन्हा,यादव समाज से कंसुराम यादव,सतनामी समाज से पार्थ गेन्ड्रे, राजपूत समाज से अजय परिहार,अग्रवाल समाज से शरद अग्रवाल,जैन समाज से मनोज जैन, सेन समाज से दिलेश्वर कौशिक,सिख समाज से गिन्नी चावला, छत्तीसगढ़ ब्राह्मण समाज से शरद तिवारी,सिंधी समाज से मन्नूमल मोटलानी,आवतराम तेजवानी, सहित बड़ी संख्या में विभिन्न वर्गों के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे ।

    मातृशक्ति ने किया स्वागत अभिनंदन

     इस अवसर पर सभी आगंतुकअतिथियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से रेखा मेश्राम, पूर्णिमा साहू, मधु वेद, सुधा पवार, संगीता शुक्ला,मंजू साहू, प्रतिभा साहू, कमलेश्वरी साहू,, जमुना साहू, प्रेमा सोनकर, दीप्ति साहू, नेहा साहू, कांति मौर्य, निर्मल सिंह संगीता मानिकपुरी एवं मीना यादव प्रमुख रूप से उपस्थित थी ।

  • CG: विकासशील बने छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव, राज्य शासन ने जारी किया आदेश, जानिये कौन हैं छत्तीसगढ़ नये चीफ सेकरेट्री विकास शील….

    रायपुर. विकासशील छत्तीसगढ़ के नये मुख्य सचिव होंगे। राज्य सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। 1994 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी विकासशील गुप्ता को नया मुख्य सचिव बनाने की अटकलें काफी दिनों से लग रही थी, जिस पर आज मुहर लग गयी है। वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन का एक्सटेंशन इसी महीने समाप्त हो रहा है और वे 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होंगे। इसके बाद विकासशील राज्य के 13वें मुख्य सचिव के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे।

    विकासशील बने छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव, राज्य शासन ने जारी किया आदेश

    प्रारंभिक जीवन और शिक्षा

    विकासशील गुप्ता का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था। बाद में उनका परिवार उत्तराखंड शिफ्ट हो गया। उन्होंने उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद वर्ष 1994 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) परीक्षा उत्तीर्ण की और मध्यप्रदेश कैडर में नियुक्त हुए। वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद वे यहां के कैडर में शामिल हो गए।

    प्रशासनिक करियर
    विकासशील गुप्ता का प्रशासनिक करियर विविध और प्रभावशाली रहा है।

    जिला प्रशासन: उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जिलों में कलेक्टर के रूप में सेवा दी।

    सचिवालय दायित्व: स्कूली शिक्षा, खाद्य विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग और स्वास्थ्य जैसे अहम विभागों का प्रभार संभाला।

    केंद्र सरकार में भूमिका: भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्य करते हुए कोविड-19 महामारी से निपटने की रणनीति में अहम योगदान दिया।

    जल जीवन मिशन: जलशक्ति मंत्रालय में निदेशक के रूप में कार्य करते हुए ग्रामीण जल आपूर्ति कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित किया।

    अंतरराष्ट्रीय अनुभव

    2018 से वे केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर रहे और बाद में एशियाई विकास बैंक (ADB), मनीला में भारत सरकार के कार्यकारी निदेशक बने। वहां उनका कार्यकाल जनवरी 2024 से सितंबर 2025 तक रहा। हाल ही में केंद्र सरकार ने उन्हें रिलीव कर दिया है, जिसके बाद वे छत्तीसगढ़ लौटकर नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

    व्यक्तिगत जीवन

    विकासशील गुप्ता की पत्नी निधि छिब्बर भी 1994 बैच की IAS अधिकारी हैं। वे इस समय केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं और शिक्षा एवं कौशल विकास क्षेत्र में अपने योगदान के लिए जानी जाती हैं।

    प्रमुख विशेषताएं और उम्मीदें

    विकासशील को एक कर्मठ, पारदर्शी और निर्णायक प्रशासनिक अधिकारी माना जाता है। उनका अनुभव जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी नियुक्ति की पहल की और माना जा रहा है कि उनकी कार्यशैली से राज्य प्रशासन को नई दिशा और गति मिलेगी।

    यह भी पढे: Rajnandgaon: हनुमान मंदिर के पास चाकू लहरा कर आने जाने वालो को डरा धमका रहा था आरोपी, गिरफ्तार …

  • Rajnandgaon: दिनेश कुमार भोईर का निधन

    राजनांदगांव। बसंतपुर वार्ड क्रमांक 43 निवासी दिनेश कुमार भोईर का आज शाम 8 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। निधन की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

    उनकी अंतिम यात्रा कल, दिनांक 26 सितंबर को दोपहर 11 बजे निज निवास बसंतपुर स्थित धम्म कीर्ति बौद्ध विहार के पास से निकलेगी, जो मुक्तिधाम लखोली पहुँचेगी, जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

    स्व. दिनेश कुमार भोईर, शुभम् कुमार भोईर के बड़े पिताश्री थे। शुभम् धम्म कीर्ति बौद्ध विहार के सक्रिय सदस्य हैं। शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देने के लिए क्षेत्रवासियों का तांता लगा हुआ है।

  • Rajnandgaon: हनुमान मंदिर के पास चाकू लहरा कर आने जाने वालो को डरा धमका रहा था आरोपी, गिरफ्तार …

    राजनांदगांव। चौकी चिखली पुलिस ने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्यवाहियों में बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

    गठुला नाला हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति द्वारा चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राकेश मंडावी (27 वर्ष) निवासी स्टेशनपारा वार्ड क्रमांक 13 को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। उसके खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेजा गया।

    इसी तरह प्राप्त शिकायतों एवं विवादों पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने बदमाश गणेश राम साहू (32 वर्ष) निवासी रामनगर गौतम चौक तथा संतु सिन्हा (40 वर्ष) निवासी विवेकानंद चौक वार्ड क्रमांक 03 मोतीपुर को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्यवाही की गई और न्यायालय में पेश किया गया।

    इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई सहित सुरेन्द्र रामटेके, अरूण कुमार नेताम, वंदना पटले, सुनील बैरागी, मिर्जा असलम बेग, तामेश्वर भुआर्य, मनोज जैन, आदित्य सोलंकी, गोपाल पैकरा, जयराम निषाद एवं चौकी चिखली स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

    यह भी पढे: Rajnandgaon: पदयात्री युवती महिमा साहू की मौत, नाबालिक सहित चार आरोपी गिरफ्तार….

  • Rajnandgaon: पदयात्री युवती महिमा साहू की मौत, नाबालिक सहित चार आरोपी गिरफ्तार….

    राजनांदगांव। थाना सोमनी क्षेत्र अंतर्गत 24 सितम्बर को डोंगरगढ़ बम्लेश्वरी दर्शन हेतु पैदल जा रही युवती महिमा साहू (21 वर्ष) निवासी घासीदास नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, भिलाई को तेज रफ्तार महिंद्रा थार वाहन (क्रमांक CG 04 QC 8007) ने ग्राम मनकी खंडेलवाल बांस डिपो के पास लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने पर उसे सेक्टर-9 हॉस्पिटल भिलाई ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

    घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना सोमनी प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर विवेचना की गई। जांच में पाया गया कि वाहन स्वामी रजत सिंह ने अपनी थार नयन सिंह को किराये पर दी थी, जिसने वाहन को एक नाबालिक को चलाने के लिए दिया। नाबालिक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते समय यह दुर्घटना हुई। इसके अलावा वाहन मालिक ने साक्ष्य छिपाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति राजू धुर्वे को चालक के रूप में प्रस्तुत किया।

    पुलिस ने प्रकरण में आरोपियों –

    1. रजत सिंह पिता जी.डी. सिंह, निवासी सेक्टर-2, भिलाई
    2. नयन सिंह उर्फ छोटू पिता कोमल सिंह, निवासी जयंती नगर, दुर्ग
    3. राजू कुमार धुर्वे पिता वेदराम धुर्वे, निवासी सोमनापुर, कबीरधाम, हाल पाटन दुर्ग
      के साथ नाबालिक बालक के विरुद्ध धारा 106, 61(2), 238 बीएनएस व 199(क) मोटर यान अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

    तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है जबकि नाबालिक को संप्रेषण गृह राजनांदगांव भेजा गया।

    यह भी पढे: Rajnandgaon: 148 पुलिसकर्मियों का तबादला, यहां देखें लिस्ट

  • संस्कारधानी में एक दिवसीय जिला स्तरीय ओपन डिस्ट्रिक्ट कराते टूर्नामेंट का सफल आयोजन – जिला कराते संघ के आयोजन में कराते खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

    राजनांदगांव में शिको काई शिटोरियू कराते डू इंटरनेशनल एवं राजनांदगांव अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट्स स्कूल कस्तूरबा महिला मंडल राजनांदगांव द्वारा एक दिवसीय जिला स्तरीय ओपन डिस्ट्रिक्ट कराते टूर्नामेंट का आयोजन किया गया, जिसमें राजनांदगांव जिले के विभिन्न स्कूलों के 150  छात्र छात्राओं ने भाग लिया । उक्त टूर्नामेंट में रायपुर जिले के भी खिलाड़ियों ने भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। स्पर्धा में सब जूनियर वर्ग जिसमें 6 वर्ष से लेकर 12 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कैडेट वर्ग में 13 वर्ष से 15 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जूनियर वर्ग में 15 वर्ष से अधिक एवं 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने एवं सीनियर वर्ग में 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्ग में काता एवं कुमीते स्पर्धा में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।

    टूर्नामेंट को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ कराते संघ के उपाध्यक्ष एवं जिला कराते संघ के सचिव सिहान मुरली सिंह भारद्वाज, उपाध्यक्ष सेंसाई कमल पूजन, कोषाध्यक्ष दुर्गेश त्रिवेदी, अंतर्राष्ट्रीय कराते खिलाड़ी एवं गुण्डाधुर अवॉर्डी सेंसाई अंबर सिंह भारद्वाज, गायत्री स्कूल के प्रशिक्षक सेंसाई जयप्रकाश साहू, नीरज पेरेंट्स प्राइड स्कूल के प्रशिक्षक सेंसाई दुर्गेश साहू, रायपुर के सीनियर प्रशिक्षक सेंसाई रमेश प्रधान, राजनांदगांव शिको काई शितोरियू कराते डू इंटरनेशनल के सीनियर खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक करण साहू टिकेश्वर साहू, जयदीप सिंहा, सुधा साहू, लोकिता साहू, ममता नगर स्कूल से काजल यादव, आदित्य का सराहनीय योगदान रहा।

    उक्त टूर्नामेंट में राजनांदगांव अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट्स स्कूल कस्तूरबा महिला मंडल राजनांदगांव के 35 खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया एवं 24 स्वर्ण पदक, 12 रजत पदक,एवं 17 कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की। सभी विजेता खिलाड़ियों को राजनांदगांव जिला कराते संघ के सचिव एवं ओपन डिस्ट्रिक्ट कराते टूर्नामेंट के मुख्य आयोजक सिहान मुरली सिंह भारद्वाज 6 डिग्री ब्लैक बेल्ट ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

    पदक विजेता खिलाड़ियों के नाम निम्नानुसार है:- सब जूनियर बालक वर्ग में शिवांश सोनी को काता में स्वर्ण कुमीते स्पर्धा में स्वर्ण पदक, मानविक सेठिया को काता में स्वर्ण पदक कुमीते में स्वर्ण पदक, कबीर सोनकर को कुमीते में रजत पदक, रिधांश चावड़ा को कुमीते में स्वर्ण काटा में कांस्य,हानोक सिन्हा काता में कांस्य कुमीते में कांस्य, श्रेष्ठ मिश्रा को कुमीते में स्वर्ण काता में रजत पदक, कबीर साहू को काता में रजत कुमीते में रजत पदक, हिमांशु झा को काता में रजत कुमीते में रजत पदक, कृष्णा शर्मा को कुमीते में रजत पदक, समर सोनी को काता में स्वर्ण कुमीते में कांस्य पदक प्राप्त हुआ। सब जूनियर बालिका वर्ग में आहना प्रसाद को कुमीते में स्वर्ण काता में रजत पदक, बेरुशी साहू को काता में स्वर्ण कुमीते में स्वर्ण पदक, दीतीसा साहू को कुमीते में कांस्य पदक, हिमांशी सिंह कुमीते में कांस्य, हरितमा सिंह कुमीते में कांस्य, वैशाली दास कुमीते में रजत, आयुषी वर्मा को काता में स्वर्ण कुमीते में रजत पदक, मान्या साहू को काता में स्वर्ण कुमीते में स्वर्ण, ख्याति साहू कुमीते में स्वर्ण काता में कांस्य, अद्विका दुबे कुमीते में स्वर्ण काता में कांस्य, आद्या साहू कुमीते में रजत पदक, पावनी साहू को काता में रजत पदक प्राप्त हुआ। कैडेट बालक वर्ग दीपांशु सिंहा को काता में स्वर्ण कुमीते में स्वर्ण पदक, सानिध्य मौर्य को कुमीते में स्वर्ण पदक प्रात हुआ। कैडेट बालिका वर्ग में विधि सिन्हा को कुमीते में कांस्य पदक एवं पूर्वील साहू को काता में स्वर्ण कुमीते में स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ। जूनियर बालक वर्ग में भास्कर साहू को काता में स्वर्ण पदक कुमीते में कांस्य पदक प्राप्त हुआ । सीनियर बालक वर्ग में करण साहू को कुमीते में स्वर्ण पदक मिला ।

    बालिका सीनियर वर्ग में लोकिता साहू को काता में स्वर्ण पदक कुमीते में स्वर्ण पदक, सुधा साहू को कुमीते में स्वर्ण पदक काता में कांस्य पदक, वेगिता अग्रवाल को कुमीते में रजत पदक, मुस्कान साहू को कुमीते में रजत पदक काटा में कांस्य पदक, एवं अन्नपूर्णा साहू को काता में कांस्य पदक एवं कुमीते में कांस्य पदक प्राप्त हुआ ।

  • जल संचय जनभागीदारी 1.0 में छत्तीसगढ़ का परचम – राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान, रायपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार

    जन-संवाद और जनभागीदारी आधारित सुशासन नीति का प्रतिफल है यह सफलता – मुख्यमंत्री श्री साय

    छत्तीसगढ़ ने जल संरक्षण में रचा नया इतिहास – मुख्यमंत्री ने दी जनता को बधाई

    रायपुर, 25 सितम्बर 2025/ जल संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर इतिहास रचा है। जल संचय जनभागीदारी 1.0 (JSJB) के परिणामों में प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि जल प्रबंधन और जनभागीदारी के संगम का जीवंत उदाहरण है। प्रदेश में अब तक 4,05,563 कार्य पूर्ण कर जल संरक्षण को एक जन-आंदोलन में बदल दिया गया है।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस सफलता पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल-संपदा की नींव है। उनके अनुसार यह केवल आँकड़ों की जीत नहीं है, बल्कि उस सामूहिक चेतना का प्रमाण है, जिसने छत्तीसगढ़ को देश के लिए एक प्रेरणा बना दिया है।

    प्रदेश के शहरी निकायों में भी छत्तीसगढ़ ने अपनी श्रेष्ठता स्थापित की है। रायपुर नगर निगम ने पूरे देश में शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। यहाँ 33,082 कार्यों के माध्यम से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा दिया गया, बल्कि इसे जन-सहभागिता आधारित शहरी विकास का मॉडल बना दिया गया। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को रायपुर के नागरिकों और निगम प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

    जिला स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। कैटेगरी-1 में बालोद को प्रथम स्थान, राजनांदगांव को द्वितीय स्थान और रायपुर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इन तीन जिलों को पुरस्कार स्वरूप ₹2-2 करोड़ की राशि प्राप्त होगी। वहीं केटेगरी 2 में महासमुंद, बलौदा बाजार और गरियाबंद को ₹1-1 करोड़ से सम्मानित किया जाएगा। कैटेगरी 3 में बिलासपुर, रायगढ़, बलरामपुर, धमतरी, सुरजपुर और दुर्ग को भी उनकी उत्कृष्ट भागीदारी के लिए ₹25-25 लाख के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यह दर्शाता है कि पूरे प्रदेश में जल संरक्षण को प्राथमिकता के साथ अपनाया गया है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि हर किसान, हर महिला, हर नौजवान और हर जनप्रतिनिधि का है, जिन्होंने पानी की हर बूंद को बचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही जनकल्याण संभव है और छत्तीसगढ़ ने इसे सिद्ध कर दिखाया है।

    उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि राज्य की ‘जन-संवाद एवं जनभागीदारी आधारित सुशासन नीति’ का प्रत्यक्ष परिणाम है। मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और दीर्घकालिक विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया।

    रायपुर नगर निगम को मिले राष्ट्रीय सम्मान पर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निगम प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में सामुदायिक सहयोग से जल संचय की यह मिसाल पूरे देश के लिए अनुकरणीय है और अन्य नगर निगम भी इससे सीख सकते हैं।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि जल संरक्षण के इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद का संरक्षण ही भविष्य की जल-सुरक्षा की गारंटी है।

    छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि जब सरकार और जनता मिलकर कार्य करें तो असंभव भी संभव हो जाता है। JSJB 1.0 की सफलता ने न केवल प्रदेश को सम्मान दिलाया है, बल्कि इसे जल प्रबंधन का राष्ट्रीय मॉडल भी बना दिया है।

  • Rajnandgaon: 148 पुलिसकर्मियों का तबादला, यहां देखें लिस्ट

    राजनंदगांव। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई है। जिसके तहत राजनांदगांव जिले के करीब 148 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है।

    इसमें सहायक प्रधान आरक्षक और प्रधान आरक्षक समेत कई पुलिस कर्मियों का नाम शामिल है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मोहन गर्ग ने आदेश जारी किया है।

  • राजनांदगांव : सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन कर पर्यावरण संरक्षण एवं बिजली उत्पादक बनने का स्वर्णिम अवसर – विधानसभा अध्यक्ष

    – किसान और नागरिक सौर ऊर्जा से अतिरिक्त ऊर्जा उत्पादन कर बनेंगे आत्मनिर्भर
    – विधानसभा अध्यक्ष सेवा पर्व पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री कुसुम योजना की कार्यशाला में हुए शामिल
    – विधानसभा अध्यक्ष ने सूर्य रथ को दिखाई हरी झंडी


    राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज गांधी सभागृह राजनांदगांव में सेवा पर्व पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) राजनांदगांव क्षेत्र के तत्वाधान में आयोजित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री कुसुम योजना की कार्यशाला में शामिल हुए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेवा पर्व पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री कुसुम योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सूर्य रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत किसान हितग्राहियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

    विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली और प्रधानमंत्री कुसुम योजना की शुरूआत पूरे देश में शुरू की है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिला छत्तीसगढ़ का ग्रीन जिला बनना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा देश में सौर ऊर्जा की वर्तमान स्थापित क्षमता लगभग 100 गीगावॉट है। वर्ष 2030 तक सौर ऊर्जा की क्षमता को तीन गुना बढ़ाकर लगभग 300 गीगावॉट तक ले जाने का लक्ष्य है। भविष्य में ऊर्जा की जरूरतों की बढ़ती मांगों को देखते हुए प्राकृतिक संसाधनों की अभूतपूर्व कमी आयेगी। कोयला, पानी एवं भूसे से बिजली का उत्पादन पर्यावरण के लिए बहुत नुकसानदायक है। इसलिए सूर्य की ऊर्जा से बिजली उत्पादन कर पर्यावरण संरक्षण एवं बिजली उत्पादक बनने का स्वर्णिम अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि आवासीय भवनों की छतों एवं अनुपयोगी जमीन पर सोलर प्लांट लगा सकते हैं। जिससे उपभोक्ता व किसान न सिर्फ अपनी बिजली की जरूरतों को पूरा करके अतिरिक्त बिजली का उत्पादन कर उसे ग्रिड में बेचकर आर्थिक लाभ भी कमा सकते हैं।


    विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि विकसित देशों में 50 प्रतिशत से अधिक सोलर से ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलर से ऊर्जा उत्पादन से पर्यावरण संतुलित रहेगा और जंगलों की कटाई नहीं होगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत शासन की सहायता से उपभोक्ताओं और किसानों को सब्सिडी प्रदान की जाती है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत पंप के माध्यम से किसान सिंचाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि किसान 10 प्रतिशत खर्च करके अपने खेत में पंप स्थापित कर सकता है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत हितग्राही घर के छत में बिजली का उत्पादन कर सकते हैं। जिसमें उपभोक्ताओं को केन्द्र सरकार द्वारा अधिकतम 78 हजार रूपए और राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रूपए की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हर घर बिजली उत्पादन के लिए सोलर पैनल लगाना चाहिए। सोलर ऊर्जा से पर्यावरण संरक्षण में एक सार्थक प्रयास एवं योगदान होगा।

    महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लाई गई हर योजना उनकी दूरगामी सोच, जनहित और राष्ट्रहित की मूल भावना से प्रेरित होती है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जहां एक ओर बिजली उपभोक्ता स्वयं उत्पादक बनकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रहे है, वहीं प्रधानमंत्री कुसुम योजना किसानों को सौर ऊर्जा से संबंधित लाभ प्रदान करती है। इसके तहत किसानों को सौर पंप लगाने के लिए सब्सिडी और ऋण मिलता है, जिससे उनकी आय बढ़ती है और डीजल पंपों पर होने वाला खर्च कम होता है। इस योजना से बिजली की बचत होती है और ग्रिड पर निर्भरता कम होती है तथा किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर भी पैदा होते हैं। किसान अपनी अतिरिक्त सौर ऊर्जा को डिस्कॉम को बेचकर कमाई कर सकते हैं, जिससे उनकी आय बढ़ती है। किसान सौर ऊर्जा का उपयोग करके बिजली का बिल और डीजल की लागत बचा सकते हैं।


    जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि हम सभी को इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने का संकल्प लेना चाहिए। इन दोनों योजनाओं में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा आधे से अधिक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। जिसे देशभर में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। आज देश के हजारों लोग अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली के उत्पादक और उपभोक्ता दोनों बन चुके हैं। इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, राजेश श्यामकर, रेखा मेश्राम, रविन्द्र वैष्णव, किशुन यदु, राधेश्याम गुप्ता, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम गौतम पाटिल, कार्यपालक निदेशक राजनांदगांव शिरीष सेलट, अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर, नागार्जुन बिम्बिसार, रंजीत घोष, केसी खोटे, सुनील भुआर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : राज्य स्तरीय रोजगार मेला में शामिल होने के लिए पंजीयन एवं साक्षात्कार मार्गदर्शन शिविर 27 सितम्बर को

  • राजनांदगांव : राज्य स्तरीय रोजगार मेला में शामिल होने के लिए पंजीयन एवं साक्षात्कार मार्गदर्शन शिविर 27 सितम्बर को

    राजनांदगांव । शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था राजनांदगांव में 27 सितम्बर 2025 को सुबह 10 बजे से अक्टूबर माह में रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेला में शामिल होने के लिए पंजीयन एवं साक्षात्कार हेतु मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में राज्य स्तरीय रोजगार मेला में शामिल होने वाले इच्छुक युवाओं को ई-रोजगार पोर्टल में पंजीयन तथा साक्षात्कार की तैयारी हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।

    शिविर में प्रशिक्षण सत्र 2022, 2023, 2024 एवं 2025 में आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी अपने समस्त शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन तथा दो पासपोर्ट साईज फोटो, बायोडाटा के साथ सम्मिलित हो सकते है।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : पेण्ड्री में आवासीय भवन प्राप्त करने का सुनहरा अवसर

  • राजनांदगांव : पेण्ड्री में आवासीय भवन प्राप्त करने का सुनहरा अवसर

    राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा अटल विहार योजना के तहत राजनांदगांव शहर के पेण्ड्री में आवासीय भवन प्राप्त करने का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। इसके तहत 1 बीएचके फ्लैट एलआईजी 10 लाख 50 हजार रूपए से शुरू है एवं 1 बीएचके फ्लैट ईडब्ल्यूएस 5 लाख 25 हजार रूपए से शुरू है।

    योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी मोबाईल नंबर 8319896556, 9479081105, 9669961057 एवं टोल फ्री नंबर 1800 121 6313 तथा वेबसाईट www.cghb.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : महिलाओं का लैंगिक उत्पीडऩ अधिनियम अंतर्गत कार्यालयों एवं संस्थानों में आंतरिक शिकायत समिति का गठन करने के आदेश

  • राजनांदगांव : महिलाओं का लैंगिक उत्पीडऩ अधिनियम अंतर्गत कार्यालयों एवं संस्थानों में आंतरिक शिकायत समिति का गठन करने के आदेश

    राजनांदगांव । उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली के आदेशानुसार प्रदेश के ऐसे शासकीय एवं अशासकीय कार्यालय व संस्थान जहां 10 या 10 से अधिक कर्मचारी कार्यरत है, वहां महिलाओं का लैंगिक उत्पीडऩ (निवारण, प्रतिषेध और प्रतिरोष) अधिनियम 2013 अंतर्गत आंतरिक शिकायत समिति का गठन किया जाएगा। अधिनियम की धारा 4 के अनुसार ऐसे समस्त कार्यस्थल व संस्थान जहां 10 या 10 से अधिक कर्मचारी नियोजित है, वहां नियोजक लिखित आदेश द्वारा आंतरिक परिवाद समिति का गठन किया जाएगा।

    आंतरिक समिति में एक पीठासीन अधिकारी (कार्यस्थल पर ज्येष्ठ स्तर की महिला कर्मचारी), कर्मचारियों में से कम से कम 2 सदस्य जो महिलाओं की समस्याओं के प्रति प्रतिबद्ध हो, एक सदस्य महिलाओं की समस्याओं के प्रति प्रतिबद्ध किसी गैर-सरकारी संगठन से हो शामिल करते हुये समिति का गठन किया जाएगा।

    सभी कार्यालयों एवं संस्थानों जैसे हॉस्पीटल, नर्सिंग होम, गॉल, स्कूल, बैंक, दुकान, होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, लॉज, शो-रूम, ट्रस्ट, फैक्ट्री अन्य संस्थान जहां 10 या 10 से अधिक कर्मचारी हो तत्काल आंतरिक शिकायत समिति गठन सुनिश्चित  करने कहा गया है। यदि 10 या उससे अधिक कर्मचरियों वाले किसी भी संस्थान द्वारा आंतरिक शिकायत समिति का गठन नहीं करने पर धारा 26 के तहत 50 हजार रूपए जुर्माना का प्रावधान किया गया है।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : सीआरसी ठाकुरटोला में अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस का हुआ आयोजन

  • राजनांदगांव : सीआरसी ठाकुरटोला में अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस का हुआ आयोजन

    राजनांदगांव । सीआरसी ठाकुरटोला में 22 से 26 सितम्बर 2025 तक अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा एवं बधिर सप्ताह दिवस आयोजित की जा रही है। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर 23 सितम्बर को सीआरसी ठाकुरटोला में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ आस्था स्कूल के बधिर और श्रवण-बाधित बच्चों एवं डिसली पाठ्यक्रम में अध्ययनरत विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान एवं राज्य गीत के साथ किया गया।


    निदेशक सीआरसी ठाकुरटोला स्मिता महोबिया ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस का मुख्य उद्देश्य बधिर और श्रवण-बाधित समुदाय के लिए सांकेतिक भाषाओं के महत्व को बढ़ावा देना तथा भाषाई और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाना है। उन्होंने कहा कि सभी को समाज में अपनापन एवं भागीदारी का अवसर देती हैं। कार्यक्रम में विवेक सोनी एवं श्री राहुल कुमार द्वारा आस्था स्कूल राजनंदगांव के बच्चों एवं शिक्षकों को बेसिक साइन लैंग्वेज का प्रक्षिक्षण दिया गया। जिसमें ग्रीटिंग, इंट्रोडक्शन ऑफ इमोशन एण्ड फिलिंग व कलर्स की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक श्री अनिल कुमार बंजारे, डिसली कोर्स कॉर्डिनेटर गजेन्द्र कुमार साहू, पुनीत साहू, विवेक सोनी, राहुल कुमार, फरीदा, गोपेन्द्र, हेमंत सहित आस्था मूक बधिर स्कूल के छात्र-छात्राएं व शिक्षक उपस्थित थे। कार्यक्रम समन्वयक विवेक सोनी द्वारा कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : सोनोग्राफी कार्य हेतु रूचि की अभिव्यक्ति 3 अक्टूबर तक आमंत्रित

  • राजनांदगांव : सोनोग्राफी कार्य हेतु रूचि की अभिव्यक्ति 3 अक्टूबर तक आमंत्रित

    राजनांदगांव । जिला चिकित्सालय राजनांदगांव के मातृ एवं शिशु इकाई में सुबह 10 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक सिर्फ गर्भवती माताओं की सोनोग्राफी हेतु रेडियोलॉजिस्ट की आवश्यकता है।

    इच्छुक रेडियोलॉजिस्ट अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, अनुभव प्रमाण पत्र के साथ प्रति सोनोग्राफी का दर बंद लिफाफे में कार्यालय सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में 3 अक्टूबर 2025 तक प्रस्तुत कर सकते है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन

  • राजनांदगांव : स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन

    राजनांदगांव । स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।  इसके तहत 24, 25 एवं 26 सितम्बर 2025 को स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन किया गया है। पहले दिवस प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाल बहादुर नगर में प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुपमा अस्थाना एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तुमड़ीबोड में प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मी बग्गा  ने गर्भावस्था की दूसरी और तिमाही में सभी उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का स्वाथ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

    साथ ही स्वास्थ्य केन्द्रों में गर्भवती माताओं को आवश्यक उपचार की सुविधा प्रदान की गई। इस अभियान में विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान और उनके समुचित उपचार पर जोर दिया गया है। अभियान के तहत सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला चिकित्सालय, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा चिन्हांकित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक सभी तैयारियां की गई है।

    अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया जा रहा है और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है।


    उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत जिले में गर्भवती माताओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क जांच, उपचार एवं परामर्श प्रदान करना है। अभियान अंतर्गत उन महिलाओं की जांच की जाती है, जिनका पहला प्रसव ऑपरेशन से हुआ हो, पहले गर्भपात या मृत शिशु का जन्म हुआ हो, जिनका वजन व ऊचांई कम हो, कम उम्र में गर्भधारण किया हो, गंभीर एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह या किसी अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित हो।

    आवश्यकता अनुसार महिलाओं को सोनोग्राफी जांच कराये जाने की सलाह दी गई, जिससे गर्भवती महिलाओं की निदानिक स्थिति के अनुसार उचित देखभाल संभव हो सके। अभियान के तहत मातृ मृत्यु दर में कमी लाने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हंै।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जगमग हुआ हेमंत का घर

  • राजनांदगांव : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जगमग हुआ हेमंत का घर

    – सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बने सहदेव नगर के हेमंत कुमार पाण्डेय
    – बिजली बचत से प्रेरित होकर हेमंत ने खरीदे इलेक्ट्रिक वाहन


    राजनांदगांव । प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना कई परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आयी है। इस योजना का लाभ उठाकर राजनांदगांव शहर के सहदेव नगर निवासी हेमंत कुमार पाण्डेय ने न केवल अपने बिजली बिल को शून्य कर दिया है, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है। पाण्डेय ने नवम्बर 2024 में अपने घर की छत पर 3-3 किलोवाट क्षमता वाले दो सोलर पैनल स्थापित किया था। लगभग 4 लाख 20 हजार रूपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रूपए प्रति यूनिट कुल 1 लाख 56 हजार रूपए प्राप्त हुआ। साथ ही राज्य शासन से 30-30 हजार रूपए की सब्सिडी भी मिलेगी। इस प्रकार कुल 2 लाख 16 हजार रूपए की सहायता होने से उनकी वास्तविक लागत आधी हो जाएगी।


    पहले हर महीने उनका बिजली बिल 1200 से 1500 रूपए और गर्मियों में 2000 रूपए से अधिक आता था, लेकिन सोलर पैनल लगाने के बाद नवंबर 2024 से अब तक उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य है। इतना ही नहीं लगभग 1720 एवं 1918 यूनिट अतिरिक्त बिजली ग्रीड में जमा हो चुकी है, जिसे वह जरूरत पडऩे पर उपयोग कर सकते हैं। बिजली बचत से प्रेरित होकर श्री हेमंत कुमार पाण्डेय ने 2 इलेक्ट्रिक वाहन भी खरीदे हैं, जिससे उन्हें पेट्रोल-डीजल पर होने वाला खर्च की भी बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी है।

    इससे आर्थिक बचत भी हो रही है और पर्यावरण को भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधन जैसे कोयला, पेट्रोल और डीजल सीमित हैं, जबकि सौर ऊर्जा असीमित और स्वच्छ है। यदि अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुड़ें तो न केवल बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान मिलेगा। हेमंत कुमार पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर पैसे की बचत करने तथा देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी का हुआ आयोजन, कृषकों को जैविक व प्राकृतिक खेती के लिए किया गया प्रोत्साहित

  • राजनांदगांव : पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी का हुआ आयोजन, कृषकों को जैविक व प्राकृतिक खेती के लिए किया गया प्रोत्साहित

    राजनांदगांव । कृषि विभाग, इंडियन पोटाश लिमिटेड एवं कृषि विज्ञान केन्द्र  राजनांदगांव द्वारा एक दिवसीय पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी में आयोजित किया गया। संगोष्ठी के आयोजन का मुख्य उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करना, भूमि के  स्वास्थ्य की रक्षा करना, रासायनिक उर्वरकों पर सब्सिडी की जानकारी प्रदान करना तथा कृषकों को जैविक व प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करना था।


    उप संचालक कृषि टीकम  सिंह ठाकुर ने कृषकों को धान फसल एवं रबी फसल की तैयारी तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शासन की योजनाओं से अधिक से अधिक कृषकों को लाभान्वित होने के लिए प्रोत्साहित किया। कृषि विज्ञान केन्द्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गुंजन झा ने कृषकों को रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभावों एवं इससे बचाव के संबंध में बताया। केन्द्र की वैज्ञानिक अंजलि घृतलहरे ने फसलों में पोषक तत्वों की कमी के लक्षण व उसे दूर करने के उपाय के बारे में जानकारी दी।

    उन्होंने प्राकृतिक खेती व जैविक खेती के लाभ के विषय में जानकारी दी। प्रक्षेत्र प्रबन्धक आशीष गौरव शुक्ला ने उर्वरकों के संतुलित उपयोग  करने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। इंडियन पोटाश लिमिटेड के वरिष्ठ क्षेत्र अधिकारी श्री ओपी गिरी ने रासायनिक उर्वरकों पर मिलने वाली सब्सिडी की विस्तृत जानकारी प्रदान की। संगोष्ठी में इंडियन पोटाश लिमिटेड से विस्तार अधिकारी मनीष नौरंग, अनुविभागीय अधिकारी कृषि एसएल देशलहरे, कृषि विकास अधिकारी रमशिला गौरकर एवं कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी से डॉ. नूतन रामटेके, मनीष कुमार सिंह, डॉ. योगेंद्र श्रीवास एवं बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : क्वांर नवरात्रि 2025, पीएचई द्वारा पंडालों में की जा रही जलापूर्ति

  • राजनांदगांव : क्वांर नवरात्रि 2025, पीएचई द्वारा पंडालों में की जा रही जलापूर्ति

    राजनांदगांव । माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में क्वांर नवरात्रि पर पर्व पर आयोजित मेले में शामिल होने वाले दर्शनार्थियों एवं पदयात्रियों के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय खण्ड राजनांदगांव द्वारा पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जा रही है।

    ग्राम अंजोरा से रामदरबार, बापूटोला से सुकुलदैहान होते हुए अछोली तक तथा मोहारा से दवकट्टा, बोरतलाब एवं डोंगरगढ़ मेला ग्राउण्ड में लगभग 32 पंडालों में 47 यूपीव्हीसी टैंक, 11 सिंगल फेस पावर पंप एवं 7 टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। पेयजल के सुचारू व्यवस्था के लिए तीन पालियों में 43 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। पंडालों में अधिकारी-कर्मचारियों का मोबाईल नंबर दर्ज है, जिस पर संपर्क कर पेयजल से संबंधी समस्या के निवारण किया जा सकता है।

    इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले में अब तक 6399.9 मिमी वर्षा दर्ज