• राजनांदगांव : महापौर, पूर्व सांसद और कलेक्टर ने शहर के प्रमुख विकास कार्यों का किया निरीक्षण

    – अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

    राजनांदगांव । शहर के विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने राजनांदगांव शहर में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से और तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के प्रमुख जलाशयों बूढ़ासागर और रानीसागर का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध बजट प्रावधान के अनुरूप इनके सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इन ऐतिहासिक जलाशयों के सौंदर्यीकरण से शहर की सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
    महापौर, पूर्व सांसद और कलेक्टर ने गौरव पथ में निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। राजनांदगांव शहर में प्रस्तावित 2000 सीटर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए कुंज विहार कॉलोनी स्थित कृष्ण कुंज के पास प्रस्तावित स्थल का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र कार्य योजना तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि शहर को एक आधुनिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त मंच मिल सके। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों और टर्फ की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और इसे निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कोमल सिंह राजपूत, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम गौतम पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

  • राजनांदगांव : भारत-न्यूजीलैंड फाइनल का जुनून: आजाद चौक में राष्ट्रगान के साथ मैच का लाइव आनंद

    राजनांदगांव। ICC Men’s T20 World Cup 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे इस रोमांचक मुकाबले का सीधा प्रसारण आजाद चौक में बड़ी स्क्रीन पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैच का आनंद लेने पहुंचे।

    मैच शुरू होने से पहले आजाद चौक में राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। जैसे ही राष्ट्रगान शुरू हुआ, वहां मौजूद सभी लोग जहां थे वहीं खड़े हो गए और पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगान गाया। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
    आजाद चौक में यह आयोजन चौपाल ग्रुप द्वारा कराया गया है, जहां बड़ी स्क्रीन लगाकर दर्शकों के लिए मैच देखने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में पूर्व सांसद अशोक शर्मा, भरत वर्मा नरेश बैद पतली बालू भंसाली वरुण भास्कर गुप्ता सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। सभी लोग बड़े उत्साह के साथ बैठकर फाइनल मैच का रोमांचक नजारा देख रहे हैं।

    फाइनल मुकाबले को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग आजाद चौक पहुंचकर टीम इंडिया का हौसला बढ़ा रहे हैं।

    Read Also: राजनांदगांव: भाजपा नेता कोमल सिंह राजपूत के भाई के घर चोरी, लाखों के जेवर और मोबाइल ले गए चोर

  • राजनांदगांव: भाजपा नेता कोमल सिंह राजपूत के भाई के घर चोरी, लाखों के जेवर और मोबाइल ले गए चोर

    बसंतपुर थाना क्षेत्र के चौखड़िया पारा की घटना, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

    राजनांदगांव। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार भाजपा नेता कोमल सिंह राजपूत के भाई के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लगभग डेढ़ लाख रुपये के जेवर और मोबाइल फोन चोरी कर लिए।

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वतन सिंह राजपूत ने बसंतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 04 मार्च 2026 को घर में ताला लगाकर बाहर गए थे।

    अगले दिन 05 मार्च की सुबह लगभग 10:30 बजे जब वे अपने चाचा टारजन सिंह राजपूत के घर चौखड़िया पारा पहुंचे तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर कमरे में रखी आलमारी का लॉक भी टूटा मिला।

    आलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने -चांदी के आभूषण सहित तीन सैमसंग और एक नोकिया मोबाइल फोन गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

    घटना की रिपोर्ट पर बसंतपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में पूछताछ कर रही है।

    Read Also: धार्मिक नगरी ओरछा में पावन आगमन: जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज ने शिष्यों के साथ किया मत्था टेक

  • CG : चार दशक से शिक्षा की अलख जगा रहीं बी.मैथ्यू …

    धमतरी : भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, ज्ञान और करुणा का प्रतीक माना गया है। परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, प्रशासन, खेल और सामाजिक सेवा जैसे अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। प्रतिवर्ष 8 मार्च को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के योगदान, उनके अधिकारों और उनके सशक्तिकरण को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर होता है।

      इसी कड़ी में धमतरी जिले की एक प्रेरणादायक शिक्षिका बी. मैथ्यू शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और सेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। वर्तमान में वे शासकीय शिव सिंह वर्मा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी में पदस्थ हैं और लगभग चार दशकों से शिक्षा की अलख जगाकर विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य कर रही हैं। उनके मार्गदर्शन में पढ़े अनेक विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर समाज में अपनी पहचान बना रहे हैं। कोई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर प्रशासनिक सेवाओं की ओर बढ़ रहा है, तो कई विद्यार्थी इंजीनियर, डॉक्टर और शिक्षक बनकर देश के विकास में योगदान दे रहे हैं।

        बी. मैथ्यू बताती हैं कि उन्होंने वर्ष 1989 में माध्यमिक शाला धमतरी में व्याख्याता (गणित) के रूप में अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत की थी। इससे पहले उन्होंने शासकीय एटीआईएस रिसर्च सेंटर में जूनियर साइंटिस्ट के रूप में भी कार्य किया था। हालांकि उनके भीतर समाज के लिए कुछ सार्थक करने की तीव्र इच्छा थी। यही कारण रहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र को अपना जीवन उद्देश्य बनाया। मिनी पीएससी की तैयारी कर उन्होंने व्याख्याता के पद पर चयन प्राप्त किया और तभी से वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को शिक्षित करने में लगी हुई हैं।

    मैथ्यू का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और जीवन मूल्यों को विकसित करने का माध्यम भी है। वे विद्यार्थियों को गणित जैसे विषय को सरल और रोचक तरीके से समझाने के साथ-साथ अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास का महत्व भी सिखाती हैं। उनके पढ़ाने का तरीका इतना प्रेरणादायी है कि विद्यार्थी पढ़ाई के प्रति स्वाभाविक रूप से रुचि लेने लगते हैं।

     वे कहती हैं कि बच्चों को पढ़ाना उनके लिए केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों की जिज्ञासा, उनकी मेहनत और सफलता उन्हें लगातार बेहतर करने की प्रेरणा देती है। जब उनके पढ़ाए विद्यार्थी जीवन में आगे बढ़ते हैं और समाज में अच्छा कार्य करते हैं, तो वही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि और संतोष का कारण बनता है।

      अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बी. मैथ्यू का संदेश है कि यदि महिलाओं को शिक्षा, अवसर और परिवार का सहयोग मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। वे मानती हैं कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी जितनी मजबूत होगी, देश उतनी ही तेजी से आगे बढ़ेगा।

     बी. मैथ्यू का चार दशकों का शिक्षण अनुभव, उनका समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति उनका स्नेह आज धमतरी जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वे न केवल एक आदर्श शिक्षिका हैं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बनकर शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव की ज्योति प्रज्ज्वलित कर रही हैं।

  • CG : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष लेख : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहीं धमतरी जिले की महिलाएं …

    स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहीं धमतरी जिले की महिलाएं

    धमतरी : प्रतिवर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिवस समाज में महिलाओं के योगदान, उनके अधिकारों और सशक्तिकरण को सम्मान देने का अवसर प्रदान करता है। केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव अब गांव-गांव तक दिखाई देने लगा है।

    धमतरी जिले में भी शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की महिलाएं आज स्व-सहायता समूहों से जुड़कर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि परिवार और समाज में अपनी सशक्त पहचान भी बना रही हैं।

    जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत बड़ी संख्या में महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ा गया है। इन समूहों के माध्यम से महिलाएं बचत और आंतरिक ऋण की व्यवस्था के साथ-साथ विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आय अर्जित कर रही हैं। कई महिला समूह खेती-किसानी के साथ सब्जी उत्पादन, मशरूम उत्पादन, कुक्कुट पालन, बकरी पालन, डेयरी व्यवसाय, मछली पालन तथा लघु उद्यमों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

    ग्रामीण क्षेत्रों में महिला समूहों द्वारा जैविक खेती, सब्जी उत्पादन और पोषण वाटिका जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे न केवल महिलाओं की आय में वृद्धि हो रही है, बल्कि परिवार के पोषण स्तर में भी सुधार हो रहा है। शासन द्वारा प्रशिक्षण, बैंक ऋण सुविधा, विपणन सहयोग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर महिलाओं को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।

    धमतरी जिले के कई गांवों में महिला समूहों ने सामूहिक उत्पादन और विपणन की सफल पहल की है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आर्थिक निर्णयों में भी सक्रिय भूमिका निभाने लगी हैं। अनेक महिला समूह स्थानीय हाट-बाजारों के साथ-साथ विभिन्न मेलों और प्रदर्शनियों में अपने उत्पादों का विक्रय कर रही हैं।

    इसके अलावा शासन द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण कार्यक्रमों और कौशल विकास प्रशिक्षणों के माध्यम से महिलाओं के समग्र विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

    आज धमतरी जिले की महिलाएं केवल घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेती, उद्यमिता, स्वयं सहायता समूहों और अन्य आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। शासन की योजनाओं और सामूहिक प्रयासों के परिणामस्वरूप ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं।

    अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर यह स्पष्ट है कि जब महिलाओं को अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिलता है, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। धमतरी जिले की महिलाएं भी इसी आत्मविश्वास और संकल्प के साथ आत्मनिर्भरता की राह पर निरंतर आगे बढ़ रही हैं।

    इस वर्ष महिला दिवस की थीम “दान करके लाभ प्राप्त करें” है। इसका संदेश है कि जब हम समाज में सहयोग, समर्थन और अवसर प्रदान करते हैं, तो उसका सकारात्मक लाभ पूरे समाज को मिलता है। आइए, हम सभी मिलकर सहयोग और सहभागिता की भावना के साथ लैंगिक समानता को बढ़ावा दें और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ें।

  • CG : धमतरी : सायरा बानो बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल : दिव्यांगता के बावजूद ई-रिक्शा चलाकर कमा रहीं सम्मानजनक आजीविका

    धमतरी : धमतरी जिले की सायरा बानो ने यह साबित कर दिया है कि यदि मन में दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने का जज़्बा हो, तो कठिन से कठिन परिस्थितियाँ भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। शारीरिक दिव्यांगता और अत्यंत गरीब पारिवारिक स्थिति के बावजूद सायरा बानो आज आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बनकर उभरी हैं। कल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है । 

       सायरा बानो पहले बेहद आर्थिक तंगी में जीवन यापन कर रही थीं। रोजगार के अभाव के कारण उनके लिए दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना भी एक बड़ी चुनौती बन गया था। ऐसे समय में उन्होंने हार मानने के बजाय आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया और रोजगार के लिए जिला प्रशासन से मदद की अपील की।

      सायरा बानो की परिस्थितियों और उनके आत्मनिर्भर बनने के जज़्बे को देखते हुए कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने उनकी समस्या को गंभीरता से लिया और उन्हें बड़ौदा आरसेटी, धमतरी में ई-रिक्शा संचालन का प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था की। प्रशिक्षण के दौरान सायरा बानो ने पूरी लगन और मेहनत से ई-रिक्शा चलाने की तकनीक सीखी। इसके साथ ही उन्हें स्वरोज़गार से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई तथा पुलिस विभाग द्वारा यातायात नियमों की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

    प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद समाज कल्याण विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से सक्षम प्रोजेक्ट के अंतर्गत सायरा बानो को ई-रिक्शा उपलब्ध कराया गया।

    आज सायरा बानो धमतरी शहर में आत्मविश्वास के साथ ई-रिक्शा चलाकर अपनी आजीविका कमा रही हैं। इस कार्य से उन्हें प्रतिदिन लगभग 300 से 500 रुपये तक की आय हो रही है, जिससे वे अपने जीवन की आवश्यकताओं को सम्मानपूर्वक पूरा कर पा रही हैं।

    कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि लाभार्थी दृढ़ संकल्प और मेहनत के साथ आगे बढ़ें, तो वे अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।

      सायरा बानो की यह सफलता की कहानी न केवल दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणादायी है, बल्कि समाज के हर उस व्यक्ति के लिए एक संदेश है कि कठिन परिस्थितियाँ कभी भी आगे बढ़ने की राह में बाधा नहीं बन सकतीं, यदि व्यक्ति के भीतर आगे बढ़ने का साहस और संकल्प हो।

  • CG : कुत्ते के साथ होली खेलना महंगा पड़ा, 2 युवक गिरफ्तार …

    लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र से पशु क्रूरता का एक मामला सामने आया है। यहां ग्राम धनियाडोली में कुछ युवकों द्वारा एक पालतू कुत्ते को बेरहमी से रंग लगाने और उसे प्रताड़ित करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और जीव दया प्रेमियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

    मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। जांच के बाद दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया है।

    पुलिस के अनुसार आरोपियों ने होली के दौरान कुत्ते को रंग लगाने के नाम पर उसके साथ मारपीट की और उसे परेशान किया, जिसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

  • CG : भाजपा नेता विनायक ताम्रकर गिरफ्तार, अफीम की खेती मामले में NCB की भी एंट्री …

    दुर्ग। अफीम की खेती मामले में NCB की एंट्री हो गए है, भाजपा नेता विनायक ताम्रकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता के खेत में अफीम की अवैध खेती पकड़े जाने के बाद भाजपा नेता विनायक ताम्रकर को पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है। इस दौरान वहां भारी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी खेत में पहुंच गए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो झूमाझटकी हो गई।

    इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बता दें कि पुलिस को अफीम की सूचना मिलने के बाद 6 मार्च को खेत में रेड की गई, जिसमें करीब डेढ़ एकड़ में अफीम के पौधे मिले हैं। मामला समोदा गांव का है, जहां भाजपा किसान मोर्चा के नेताओं के खेत में चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही थी। इस पर भाजपा नेता विनायक का कहना है कि उन्हें अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी और जमीन अधिया (आधी फसल) पर दी गई थी।

    विनायक ताम्रकार के निलंबनको लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कोई भी हो, गैरकानूनी काम करने वाले पर कार्रवाई होगी। कांग्रेस के आरोपों पर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि ‘अपराध और अपराधियों को संरक्षण कांग्रेस पार्टी देती है, कांग्रेस का अपराध के साथ संलिप्तता जग ज़ाहिर है। कांग्रेस राज्यसभा प्रत्याशी को लेकर भाजपा का पोस्टर पर अरुण साव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि BJP ने कांग्रेस की वास्तव स्थिति को देख पोस्ट किया है। कई कांग्रेस नेताओं के अरमान पूरे नहीं हुए हैं, फूलो देवी नेताम कांग्रेस नेताओं पर भारी पड़ीं हैं। कांग्रेस में परिवार की चलती है यह भी साबित हुआ है।

  • CG : UPSC परीक्षा पास करने वाले डायमंड सिंह ध्रुव का धमतरी एसपी ने किया सम्मान …

    धमतरी। हाल में UPSC परीक्षा के अंतिम परिणाम घोषित हुए l सभी जिले के लिए यह गर्व एवं प्रसन्नता का विषय है कि थाना मगरलोड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा के अंतिम परिणाम में 623वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। अपने पांचवे प्रयास में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है l उल्लेखनीय है कि यूपीएससी के सिविल सेवा परीक्षा को ना केवल भारत बल्कि विश्व की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है l

    स्थानीय युवक की इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा डायमंड सिंह ध्रुव को SP कार्यालय में शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह पूरे जिले के लिए अत्यंत गौरव की बात है कि धमतरी जिले से एक आदिवासी युवा अभ्यर्थी ने संघ लोक सेवा आयोग जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे धमतरी जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने डायमंड सिंह ध्रुव से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने अनुभव और संघर्ष की कहानी से आसपास के युवाओं को प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय युवा UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होकर उच्च पदों पर चयनित हों और समाज एवं देश की सेवा करें।

  • राजनांदगांव: होली में शांति भंग, थाना सोमनी पुलिस ने 10 आरोपी गिरफ्तार


    राजनांदगांव। होली त्यौहार के अवसर पर ग्राम बघेरा में शराब पीकर वाद‑विवाद कर शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ थाना सोमनी पुलिस ने कड़ी कार्यवाही की है।
    पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेण्डर किरो के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे सतत अभियान के तहत ग्राम बघेरा में सक्रिय असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया।
    गिरफ्तार किए गए आरोपी इस प्रकार हैं:
    जग्गु निषाद (पिता: जोहर निषाद, उम्र 23)
    अजीत निषाद (पिता: मन्नु निषाद, उम्र 24)
    भोजराम साहू (पिता: भारतलाल साहू, उम्र 23)
    भूपेन्द्र निषाद (पिता: निर्मल निषाद, उम्र 24)
    मुकेश साहू (पिता: कन्हैया साहू, उम्र 27)
    जितेन्द्र निषाद (पिता: मन्नु, उम्र 22)
    रितेश निषाद (पिता: नानक राम, उम्र 20)
    दुर्योधन यादव (पिता: स्व0 विष्णु यादव, उम्र 26)
    यादराम (पिता: नानक राम, उम्र 23)
    ललित साहू (पिता: भरत साहू, उम्र 20)
    सभी आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजनांदगांव के न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस विभाग ने बताया कि होली के अवसर पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं।

  • Happy Birthday Abhishek Singh: पूर्व सांसद अभिषेक सिंह को सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई, सोशल मीडिया पर दिनभर शुभकामनाओं की बौछार…

    राजनांदगांव। राजनांदगांव के पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक सिंह का आज जन्मदिन पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) के माध्यम से उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की।

    Happy Birthday Abhishek Singh
    Happy Birthday Abhishek Singh

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि मां बम्लेश्वरी से प्रार्थना है कि अभिषेक सिंह को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा प्रदान करें, ताकि वे समाज और प्रदेश की सेवा में इसी तरह सक्रिय बने रहें।

    अभिषेक सिंह के जन्मदिन के अवसर पर दिनभर सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला चलता रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और आम नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कई लोगों ने उनके कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों को भी याद किया।

    गौरतलब है कि अभिषेक सिंह वर्ष 2014 से 2019 तक राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनहित से जुड़े कई विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण वे क्षेत्र में लोकप्रिय रहे हैं।

    Happy Birthday Abhishek Singh
    Happy Birthday Abhishek Singh
    Happy Birthday Abhishek Singh
    Happy Birthday Abhishek Singh
    Happy Birthday Abhishek Singh
    Happy Birthday Abhishek Singh
    Happy Birthday Abhishek Singh
    Happy Birthday Abhishek Singh
  • छत्तीसगढ़ में चढ़ेगा पारा, अगले चार दिन बढ़ेगी गर्मी; फिलहाल बारिश के आसार नहीं

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ेगा, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास अधिक होगा।

    न्यूनतम तापमान की बात करें तो आगामी सात दिनों तक इसमें भी किसी बड़े परिवर्तन के संकेत नहीं हैं। यानी दिन में गर्मी बढ़ेगी, जबकि रात का तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा। प्रदेश में पूरे दिन मौसम साफ और शुष्क बना रहा। कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिन और रात के तापमान में यह अंतर आने वाले दिनों में भी बना रह सकता है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंडक और दोपहर में गर्मी महसूस होगी।

    मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में किसी भी प्रकार की मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिसके कारण बारिश की संभावना नहीं बन रही है। आसमान सामान्यतः साफ रहने की संभावना है और धूप तेज रहने के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

    CG.मुख्यमंत्री निवास में होली के रंगों की बौछार: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों संग खेली होली

    मौसम विभाग ने प्रदेश में किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। आने वाले दो दिनों तक मौसम शुष्क ही रहने के आसार हैं। दिन में धूप तेज रहेगी और दोपहर के समय गर्मी का असर अधिक महसूस किया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय हल्की ठंडक बनी रह सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तापमान तेजी से बढ़ेगा।

    रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर महसूस हो सकता है, इसलिए विशेषज्ञों ने दोपहर में अनावश्यक धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है।

    मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश के संकेत नहीं हैं। तापमान में लगातार वृद्धि के चलते गर्मी का असर धीरे-धीरे और तेज हो सकता है।

  • CG.मुख्यमंत्री निवास में होली के रंगों की बौछार: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों संग खेली होली

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मकता की भावना को सुदृढ़ करता है तथा जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर मिल-जुलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होली मिलन समारोह में सभी से आत्मीय भेंट कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, साथियों और प्रदेशवासियों के साथ स्नेह, विश्वास और अपनत्व के रंग साझा करना इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और आशीर्वाद ही जनसेवा के उनके संकल्प को और अधिक सशक्त बनाता है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और नई ऊर्जा का संचार करे तथा हमारा छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और खुशहाली के नए आयाम स्थापित करता रहे। 

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अमित कुमार, रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला सहित मुख्यमंत्री सचिवालय एवं निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

  • राजनांदगांव : 20 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब एवं 120 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त

    राजनांदगांव 03 मार्च 2026। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब विक्रेताओं के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा ग्राम ग्वालिनडीह नाला के किनारे अज्ञात 20 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब एवं 120 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया। इस प्रकरण पर आबकारी अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

    कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक वृत्त राजनांदगांव ग्रामीण श्रीमती तुलेश्वरी देवांगन, मुख्य आरक्षक श्री मिलाप मण्डावी, आबकारी आरक्षक श्री प्रदीप यादव, श्री किशोरी कोमरे, श्री दीपक सिन्हा शामिल थे। जिले में अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम के लिए होटल, ढाबों एवं मदिरा दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सभी वृत्त प्रभारियों को होटल, ढाबों की नियमित जांच करने एवं अवैध मदिरा विक्रय के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है।

  • रमन नगर प्रकरण पर भाजपा का स्पष्ट पक्ष – पार्षद रवि सिन्हा का कड़ा जवाब

    राजनांदगांव। रमन नगर बांसपाई पारा वार्ड 39 में बेदखली नोटिस को लेकर दिए जा रहे राजनीतिक बयानों पर भाजपा पार्षद रवि सिन्हा ने कड़ा प्रतिवाद करते हुए कहा कि गरीबों के नाम पर राजनीति करना बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यवाही नियमानुसार एवं शासन के निर्देशों के अनुरूप है।

    भाजपा पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि रमन नगर क्षेत्र माननीय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का निर्वाचन क्षेत्र है और यहां के प्रत्येक नागरिक की चिंता भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता है। किसी भी गरीब परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है, न कि उन्हें बेघर करना। यदि किसी स्थान पर तकनीकी या कानूनी कारणों से प्रक्रिया चल रही है, तो उसका समाधान संवाद और वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से किया जाएगा।

    पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि नगर निगम के महापौर मधुसूदन यादव पर लगाए जा रहे आरोप निराधार और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं। भाजपा की सरकार गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। बिना पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था के किसी भी परिवार को नहीं हटाया जाएगा।

    उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने इन बस्तियों के नियमितीकरण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, और अब जनता को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है। आत्मदाह जैसी बातें कहना दुर्भाग्यपूर्ण और गैर-जिम्मेदाराना है।

    रवि सिन्हा ने कहा कि भाजपा प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का सेतु है। यदि किसी को नोटिस या प्रक्रिया को लेकर आपत्ति है तो विधिक और प्रशासनिक माध्यम से समाधान निकाला जाएगा।

    अंत में उन्होंने रमन नगर के निवासियों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं। भाजपा सरकार हर पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और गरीबों के सम्मान व अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि है।

  • राजनांदगांव: जी रोड लालबाग पर कार-ट्रक की टक्कर, एक घायल


    राजनांदगांव। शहर के जी रोड स्थित लालबाग मोड़ पर आज देर रात सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार एक व्हाइट क्रेटा कार और ट्रक की टक्कर हो गई है । मिली जानकारी के अनुसार कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।


    घटना के समय क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।


    फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

  • एसके रायपुर मैराथन 2026: सुबह 4.30 बजे फ्लैग ऑफ के साथ दौड़े दस हज़ार से अधिक धावक

    स्वच्छता और साइबर सुरक्षा का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ एसके रायपुर मैराथन

    रणविजय की चीयरिंग के साथ 25 शहरों से शामिल हुए धावकों का रायपुर ने किया स्वागत

    रायपुर | 1 मार्च 2026: रविवार की सुबह रायपुर की सड़कों पर ऐसा माहौल दिखाई दिया मानो पूरा रायपुर फिटनेस और खेल भावना के उत्सव में शामिल हो गया हो। संस्कृति युवा संस्था और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट (आईआईईएमआर) द्वारा एसके फाइनेंस और साउथ ईस्टर्न कोल फील्ड के सहयोग से आयोजित एसके रायपुर मैराथन 2026 ने शहर को ऊर्जा, अनुशासन और उत्साह से भर दिया। सुबह तड़के 4 बजे से ही शहर की इस भव्य आयोजन में 25 शहरों से आए 10000 धावकों ने विभिन्न श्रेणियों में भाग लिया।

    एसके रायपुर मैराथन का फ्लैग ऑफ छत्तीसगढ़ पुलिस के आईजी बद्रीनारायण मीणा तथा इनकम टैक्स कमिश्नर श्रवण मीणा के साथ यूथ आइकन रणविजय ने किया। इस अवसर पर आईआईईएमआर के निदेशक मुकेश मिश्रा सहित एसके फाइनेंस के नेशनल बिजनेस हेड प्रशांत चौरे उपस्थित रहे। आयोजन का विशेष आकर्षण रहे यूथ आइकन रणविजय जिन्होंने धावकों को चीयर कर उनका उत्साहवर्धन किया।

    इस अवसर पर एसके फाइनेंस के नेशनल बिजनेस हेड प्रशांत चौरे ने कहा: “एसके रायपुर मैराथन जैसे आयोजन सिर्फ खेल तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को फिटनेस, अनुशासन और जागरूकता के लिए प्रेरित करते हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि रायपुर स्वस्थ और जिम्मेदार भविष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।”

    इसी कड़ी में एसके रायपुर मैराथन के आयोजक और आईआईईएमआर के निदेशक मुकेश मिश्रा ने सभी धावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा: “एसके रायपुर मैराथन 2026 में धावकों का उत्साह और ऊर्जा अभूतपूर्व रही। हमारी कोशिश रही कि प्रतिभागियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिले और सुरक्षित व व्यवस्थित वातावरण में वे अपनी दौड़ पूरी करें। यह आयोजन रायपुर की बढ़ती फिटनेस संस्कृति का मजबूत संकेत है।”

    आयोजन के दौरान मैराथन के रूट पर ज़ुंबा, डांस तथा चीयरिंग ज़ोन भी बनाए गए तथा प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, जलपान केंद्र, ट्रैफिक प्रबंधन और स्वयंसेवकों की व्यापक व्यवस्था के चलते सभी दौड़ें समयबद्ध और सुचारू रूप से संपन्न हुईं।

    विभिन्न कैटेगरी के विजेता

    प्रतियोगिता में 21 किमी पुरुष वर्ग
    प्रथम: अजीत बेंदे, समय 1:08:18
    द्वितीय: पुकेश्वर लाल, समय 1:08:20
    तृतीय: विकास बिश्ने, समय 1:11:35

    महिला वर्ग
    प्रथम: चंद्रिका यादव, समय 1:28:02
    द्वितीय: भीमेश्वरी ठाकुर, समय 1:31:05
    तृतीय: रुक्मिणी साहू, समय 1:44:25

    10 किमी पुरुष वर्ग
    प्रथम: मनीष पाथे, समय 00:33:13
    द्वितीय: लिलेश्वर, समय 00:33:15
    तृतीय: साहिल कुमार, समय 00:35:43

    10 किमी महिला वर्ग
    प्रथम: बेदोमति यादव, समय 00:4:536
    द्वितीय: लक्ष्मी, समय 00:46:08
    तृतीय: लक्ष्मी, समय 00:47:52

    आयोजकों ने विश्वास जताया कि एसके रायपुर मैराथन आने वाले वर्षों में फिटनेस, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता को जन-आंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ऊर्जा, अनुशासन और खेल भावना से भरपूर इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि रायपुर केवल आयोजन का शहर नहीं, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता हुआ शहर है। इस सफल आयोजन के साथ शहर में फिटनेस और जागरूकता की नई ऊर्जा देखने को मिली, जो भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए प्रेरणा बनेगी।

  • Rajnandgaon: गुरुद्वारे के पास विवाद, मौके पर पहुंची पुलिस

    राजनांदगांव। शहर के गुरुद्वारे के पास रविवार देर रात विवाद की घटना सामने आई, जिसमें एक युवक घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इस दौरान युवक के साथ मारपीट की बात सामने आ रही है, मौजूद लोगों ने बताया कि युवक घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।

    घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी।

    मिली जानकारी के अनुसार संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है ।

  • Rajnandgaon: मां पाताल भैरवी सिद्धपीठ में होलिका दहन 2 को, 3 को चन्द्रग्रहण के कारण मंदिर के पट रहेंगे बंद

    राजनांदगांव। मानव सेवा एवं जनकल्याण के लिए अंचल सहित देशभर में पहचान बना चुकी नगर की सेवाभावी संस्था बर्फानी सेवाश्रम समिति द्वारा बर्फानी आश्रम परिसर में 2 मार्च सोमवार की मध्य रात्रि पश्चात होलिका दहन किया जाएगा एवं 3 मार्च मंगलवार को चंद्रग्रहण के चलते मंदिर के पट संध्या ग्रहण समाप्ति तक बंद रहेंगे।

    संस्था के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ‘गन्नू’ ने बताया कि मां काली स्वरूपनी पाताल भैरवी राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दस महाविद्या द्वादश ज्योर्तिलिंग शिव शक्ति सिद्धपीठ में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी हिन्दू पर्व में से एक फागुन मास की पूर्णिमा पर पड़ने वाली होलिका दहन 2 मार्च सोमवार को मध्य रात्रि पश्चात विधि विधान से पूजा अर्चना कर होलिका दहन किया जाएगा। आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहाद्र का यह पर्व फागुन की मस्ती व रंग गुलाल के साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक फाग गीतों के माध्यम से लोक कलाकार व बैगा ग्रुप के सदस्य इस अवसर पर ढोल नगाड़ों के साथ फाग गीतों की प्रस्तुति भी देते हैं।

    कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष श्री राजेश मारु, उपाध्यक्ष दीपक जोशी, सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ‘गन्नू’, कोषाध्यक्ष नीलम जैन, महंत गोविंद दास, महेन्द्र लुनिया, कुलबीर सिंह छाबड़ा, सूरज जोशी, आलोक जोशी, बलविंदर सिंह भाटिया, मनीष परमार, संजय खंडेलवाल, लीलाधर सिंह के अलावा आसपास के मोहल्लेवासी व श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहेंगे।

    चंद्रग्रहण पर मंदिर के पट बंद रहेंगे

    देश में पहचान बना चुकी मां काली स्वरूपनी पाताल भैरवी राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दस महाविद्या द्वादश ज्योर्तिलिंग शिव शक्ति सिद्धपीठ के तीनों तलों में विराजमान देवी देवताओं के साथ ही रामदरबार एवं पारेश्वर महादेव व श्री बर्फानी दादा के मंदिरें के पट 3 मार्च मंगलवार को चंद्रग्रहण होने के कारण प्रात: आरती पूजन पश्चात सुतक प्रारंभ 9 बजे से चंद्रग्रहण समाप्ति संध्या 7 बजे तक बंद रहेंगी। इसके पश्चात देवी देवताओं का गंगाजल व शुद्ध जलों से स्नान ध्यान करने के पश्चात आरती पूजन की जाएगी।

    Read Also: CG : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर 32 सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी…

  • CG : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर 32 सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी…

    बेमेतरा । जिला पंचायत बेमेतरा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में अनुपस्थित रहने वाले 32 सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई थी, जिसमें योजना की प्रगति, लंबित प्रकरणों एवं निर्माण कार्यों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की जानी थी।

    बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति, पूर्णता की स्थिति, किश्तों के भुगतान, जियो-टैगिंग, हितग्राहियों के चयन तथा लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा प्रस्तावित थी। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समय-सीमा का पालन तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने थे।

    निर्धारित तिथि को आयोजित बैठक में बिना पूर्व सूचना एवं सक्षम अधिकारी की अनुमति के अनुपस्थित रहने को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित 32 सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित सचिवों की होगी।

    जिला पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब एवं पात्र हितग्राहियों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है, जिसकी नियमित समीक्षा एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।

    प्रशासन द्वारा यह भी कहा गया है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा सभी संबंधितों को निर्देशित किया गया है कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।