• CG : ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला की आत्महत्या मामले में पुलिस की संवेदनशील कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार …

    रायगढ़। महिला के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में तमनार पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाते हुए ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गांव का एक युवक महिला को ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे प्रताड़ित होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

    जानकारी के अनुसार थाना तमनार में मर्ग क्रमांक 09/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच की जा रही थी। मृतिका (उम्र 26 वर्ष) निवासी ग्राम सेमीजोर ने दिनांक 6 फरवरी की दोपहर अपने रसोई कमरे की मेन पाटी में गमछा बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजनों ने महिला को जीवित समझकर फोर्टिस अस्पताल उर्जानगर तमनार लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तमनार पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर पंचनामा कार्यवाही, घटनास्थल निरीक्षण तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

    मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने पुलिस को मृतिका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट तथा मोबाइल में सुरक्षित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग प्रस्तुत की। सुसाइड नोट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि गांव का महेन्द्र गुप्ता मृतिका और एक युवक के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने पास रखकर महिला को गलत कार्यों के लिए दबाव बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था। इस लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

    मामले में महिला को आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित किए जाने का अपराध पाए जाने पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उनके मार्गदर्शन पर दिनांक 09.03.2026 को थाना तमनार में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महेन्द्र गुप्ता पिता राजकुमार गुप्ता (31 वर्ष) निवासी ग्राम सेमीजोर थाना तमनार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

  • CG : नोडल अधिकारी करेंगे गर्मी में पेयजल समस्या का निदान …

    बलौदाबाजार। ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था बनाये रखने हेतु जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्ति कर उनका सम्पर्क नम्बर जारी किया गया है।जिले के किसी भी ग्राम में पेयजल की समस्या होने पर अथवा ग्राम में हेण्डपम्प खराब हो जाने पर दिये गये नम्बरों पर शिकायत दर्ज कर सकते है। इसके अलावा टोल फ्री न 1800-233-0008 पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

    जिला स्तर पर सहायक अभियंता आर के ध्रुव, सहायक ग्रेड- 3 दीपक कुरुवंशी मोबाइल नंबर 9810395246, हैण्डपंप तकनीशियन सुरेन्द्र कुमार मोबाइल नंबर 8349062667, विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत उप-अभियंता कलीराम पैकरा मोबाइल नम्बर 9826136821, विकासखंड पलारी उप-अभियंता संदीप लारेंस मोबाइल नम्बर 7987000945, विकासखंड भाटापारा सहायक अभियंता रीना सिंह मोबाइल नम्बर 7223945588, विकासखंड सिमगा सहायक अभियंता के. एल. देवांगन मोबाइल नम्बर 9826209612 विकासखंड कसडोल सहायक अभियंता मनोज दाखोडे मोबाइल नम्बर 8109200800 से संपर्क किया जा सकता है।

  • CG : परिवार में सदस्यों की मौत होने पर बैगा को मार डाला, आज दंतेवाड़ा पुलिस करेगी खुलासा …

    दंतेवाड़ा। जिले में जादू-टोने के शक में 55 साल के एक शख्स की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक गांव में झाड़-फूंक और बड्डे का काम करता था। घटना के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आज पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है।

    मामला गीदम थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मेहरू यादव (55) निवासी हिरानार के रूप में हुई है। वह गांव में झाड़-फूंक करता था और बड्डे का काम करता था। बताया जा रहा है कि पिछके एक साल के अंदर आरोपियों के परिवार में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद उन्हें मेहरू यादव पर जादू-टोना करने का शक हो गया था।

    इसी शक के चलते एक दिन पहले देर रात गांव के ही दो चचेरे भाई अमित लेकामी (26) और दशमु (45) मेहरू यादव के घर में घुस गए। दोनों ने धारदार चाकू से उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गीदम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

    पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले की जांच भी चल रही है। पुलिस आज दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर सकती है। गीदम थाना प्रभारी विजय पटेल ने कहा कि, वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया था। आरोपियों को पकड़ लिया गया है। जांच जारी है।

  • CG : किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की हुई सजा …

    बलौदाबाजार। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में अदालत ने आरोपी को कड़ी सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश भाटापारा सतीश कुमार जायसवाल की अदालत ने आरोपी किशोर वर्मा उर्फ दरुहा को 20 वर्ष के कठोर कारावास और अर्थदंड से दंडित किया है।

    विशेष लोक अभियोजक संजय बाजपेयी ने बताया कि मामला थाना भाटापारा ग्रामीण का है, जहां पीड़िता के भाई ने 02.04.2024 को थाने में उपस्थित होकर इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बहन 01.04.2024 को दोपहर 3:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। आसपास एवं रिश्तेदारों में पता करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। उसकी नाबालिग बहन को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका जताई गई।

    उक्त रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान 12.09.2024 को पीड़िता एवं आरोपी को परिजनों द्वारा थाने लाकर पेश किया गया। पीड़िता से पूछताछ करने पर उसने बताया कि आरोपी किशोर वर्मा, निवासी ग्राम इटई, थाना नांदघाट, जिला बेमेतरा, उससे प्यार करता था और शादी करने का झांसा देकर बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ इंदौर ले गया।

    वहाँ उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। कुछ समय बाद उसका गर्भपात हो गया। आरोपी उसे इंदौर से भोपाल अपने दीदी-जीजा के यहां ले गया, जहां से उसने अपने माता-पिता को फोन कर इसकी जानकारी दी। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी उससे मारपीट भी करता था। बाद में उसके पिता और भाई उसे भोपाल से भाटापारा लेकर आए।

    विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर गवाहों के कथन लेखबद्ध किए गए तथा मुलाहिजा, जब्ती आदि की कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में आरोपी के विरुद्ध चालान पेश किया गया। विशेष लोक अभियोजक संजय बाजपेयी ने न्यायालय के समक्ष सभी गवाहों के कथन प्रस्तुत कर अंतिम बहस में ऐसे गंभीर अपराध के लिए आरोपी को कठोर दंड देने की मांग की। विशेष न्यायाधीश सतीश कुमार जायसवाल ने प्रकरण की गंभीरता एवं साक्ष्यों के परिशीलन के बाद आरोपी द्वारा किया गया अपराध सिद्ध पाया।

    अपराध की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी को भा.दं.सं. की धारा 363 के तहत 3 वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹100 के अर्थदंड, धारा 366 के तहत 5 वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹500 के अर्थदंड तथा पॉक्सो एक्ट की धारा के तहत 20 वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹500 के अर्थदंड से दंडित किया है। सभी सजाएं साथ-साथ भुगताए जाने का आदेश दिया गया है। शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक संजय बाजपेयी ने की, जबकि प्रकरण की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक पुष्पा राठौर द्वारा की गई।

  • CG : चना-मुर्रा बेचने वाली बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या …

    जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां घर में अकेली रह रही एक वृद्ध महिला की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया है। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के फूलेता चौक का है। जहां रहने वाली वृद्ध महिला शांति बाई यादव की अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी।

    परिजन के बताया कि शांति बाई यादव घर में अकेली रहती थीं और चना-मुर्रा बेचकर अपना जीवन यापन करती थीं। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतिका का भतीजा उन्हें एक शादी समारोह में ले जाने के लिए घर पहुंचा। जैसे ही वह घर के अंदर गया तो जमीन पर खून से लथपथ पड़ी अपनी बुआ को देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया, जो आसपास के इलाके में सुराग तलाशने में जुटी हुई है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस हर एंगल से जांच करते हुए अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल इस निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी तक कब तक पहुंच पाती है।

  • CG : कुम्हारी फ्लाईओवर में आवागमन बंद …

    भिलाई। दुर्ग–रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर स्थित कुम्हारी फ्लाईओवर में रूटीन मरम्मत कार्य के चलते दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाला फ्लाईओवर का ऊपरी मार्ग कुछ दिनों के लिए बंद रहेगा। यह फ्लाईओवर आज से अगले 8 दिनों तक, यानी 18 मार्च तक बंद रहेगा। फ्लाईओवर के नियमित तकनीकी निरीक्षण के दौरान इसमें कुछ मरम्मत कार्य की आवश्यकता पाई गई थी। इसी कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर के ऊपर से दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है।

    इस दौरान दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे बनी सर्विस लेन से गुजारा जाएगा। यानी वाहन फ्लाईओवर के ऊपर से नहीं जा पाएंगे, बल्कि नीचे वाले रास्ते से ही अपनी यात्रा जारी रखेंगे। इससे मरम्मत का काम भी आसानी से हो सकेगा और यातायात भी चलता रहेगा। बता दें कि नेशनल हाईवे में कुम्हारी, डबरापारा, पावर हाउस और सुपेला में चार फ्लाईओवर बनाए गए हैं।

    इसके निर्माण में करीब 280 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। कुम्हारी फ्लाईओवर का नवंबर 2021 में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य था, हालांकि 2023-24 में यह आवाजाही के लिए शुरू होने की जानकारी सामने आ रही है। इसके बीच-बीच में कई बार इसका मेंटेनेंस हो चुका है।

  • CG : नगर पालिका के अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज, 20 लाख की वित्तीय हानि जांच में सही पाई गई …

    खैरागढ़। कबीरधाम नगर पालिका में पदस्थ रहते हुए शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना में वित्तीय अनियमितता के आरोपों में घिरे तत्कालीन सीएमओ नरेश वर्मा के खिलाफ विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं. इससे पहले उन्हें निलंबित कर संयुक्त संचालक (जेडी) कार्यालय दुर्ग में अटैच किया गया था.

    जानकारी के अनुसार, राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) ने जून 2025 में जांच के दौरान पाया कि सीएम शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत दवा खरीदी, वितरण और भुगतान प्रक्रिया में अनियमितता के कारण शासन को 20 लाख 80 हजार 380 रुपए की वित्तीय हानि हुई . इसके लिए वर्मा के वेतन से वसूली का पत्र भी जारी किया गया था. बाद में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा विशेषज्ञ टीम से कराई गई.

    जांच में यह भी सामने आया कि एमएमयू संचालन एजेंसी पर निर्धारित पेनाल्टी नहीं लगाए जाने से शासन को लगभग 25 लाख 91 हजार 500 रुपए का अतिरिक्त नुकसान हुआ. जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में तत्कालीन सीएमओ नरेश वर्मा को अधिक भुगतान के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई तथा एफआईआर दर्ज करने की अनुशंसा की थी. विभाग ने जांच समिति के प्रस्ताव को उचित मानते हुए पहले नरेश वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया और 24 फरवरी को कवर्धा नगर पालिका के सीएमओ को उनके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए.

  • CG : कलेक्टर-एसपी घर पहुंचे और UPSC में सफलता पाने वाले अजय गुप्ता को दी बधाई …

    रायगढ़। जिले के ग्राम संबलपुरी के होनहार युवा अजय गुप्ता ने देश की प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की में 452वीं रैंक हासिल कर रायगढ़ जिले का नाम देश और प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) उत्तम प्रताप सिंह ग्राम संबलपुरी पहुंचे और अजय गुप्ता से सौजन्य भेंट कर उन्हें इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी।

    अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अजय गुप्ता जैसे युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और लक्ष्य प्राप्ति के लिए की गई मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती।

    वहीं अजय गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने से सफलता अवश्य मिलती है। अजय गुप्ता की इस उपलब्धि से जिले के युवाओं में नई प्रेरणा और उत्साह का संचार हुआ है। इस दौरान अजय गुप्ता के परिवारजन भी उपस्थित रहे।

  • CG : कैबिनेट बैठक लेंगे CM विष्णुदेव साय …

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही में शामिल होंगे। वे सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे से 8:30 बजे तक मुख्यमंत्री मंत्रिपरिषद की बैठक में भी शामिल होंगे। यह बैठक विधानसभा परिसर में ही आयोजित की जाएगी, जिसमें सरकार के विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। यह भी पढ़े छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन है।

    आज सदन में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और मंत्री टंक राम वर्मा विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक स्मार्ट सिटी से जुड़े मुद्दों को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। इसके अलावा विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव में आय-व्यय को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।

    सदन में सभापति अमर अग्रवाल विभिन्न प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगे। साथ ही विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम और संदीप साहू याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। इसके अलावा डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री दयाल दास बघेल और मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में चर्चा होगी।

  • CG : कमरे से आई लड़ने की आवाज, कुछ देर बाद युवक-युवती की मिली लाश …

    दंतेवाड़ा। शहर में एक युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों एक किराए के मकान में साथ रह रहे थे और रविवार शाम फांसी के फंदे पर लटके मिले।

    जानकारी के अनुसार युवक गीदम ब्लॉक के मड़से गांव का रहने वाला था। जबकि युवती गीदम के नयापारा की बताई जा रही है। घटना से पहले घर के अंदर से झगड़े और बहस की आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई है। कुछ देर बाद अचानक आवाजें बंद होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। पर्दा हटाकर देखने पर दोनों फंदे पर लटके मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

    पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिवार और परिचितों से पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

  • CG : बेटे के बर्थडे के दिन महिला ने की गंदा काम, युवक को फंसाया, ब्लैकमेलिंग पर उतर आई अब …

    बिलासपुर। महिला ने बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को घर बुलाया। इसके बाद अपनी परिचित की एक अन्य महिला को कमरे में भेजकर दोनों का अश्लील वीडियो बना लिया। अब महिला वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजकर युवक को ब्लैकमेल कर रही है और 1 लाख रुपए की डिमांड कर रही है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला पीड़ित युवक के पास के ही गांव में रहती है। उसने अपने बेटे के बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को घर बुलाया, जहां पहले से ही एक अन्य महिला मौजूद थी। कमरे में दोनों ने संबंध बनाए। इस दौरान घर पर बुलाई महिला ने दोनों का वीडियो बना लिया।

    बाद में युवक को स्क्रीनशॉट भेजकर पैसों की डिमांड करने लगी और नहीं देने पर सोशल मीडिया पर वायरल करने धमकी दी। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने सोमवार को शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कर लिया है। युवक का आरोप है कि फंसाने के लिए बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर पूरी योजना तैयार की गई थी। पचपेड़ी थाने के टीआई राज सिंह ने बताया कि केंवतरा आवासपारा का रहने वाला नोहर कुमार सूर्यवंशी (33) प्राइवेट जॉब करता है। शिकायत में उसने बताया कि उसकी पहचान एक महिला से है, जो पास के गांव में रहती है। 1 फरवरी को महिला के बेटे का बर्थडे था।

    बर्थडे के बहाने महिला ने युवक को घर बुलाया। उस समय युवक की परिचित की दूसरी महिला भी वहां मौजूद थी। जो कि उसकी दोस्त थी। शाम को वह परिचित महिला के घर पहुंचा। वहां पहले से एक कमरा खाली रखा गया था। महिला ने युवक और उसकी महिला मित्र को उस कमरे में भेज दिया। युवक का कहना है कि महिला को पहले से उसकी दोस्ती और अंतरंग संबंध की जानकारी थी।

    कमरे में युवक ने अपनी महिला मित्र के साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि उसी दौरान महिला ने दोनों का वीडियो बना लिया। युवक का आरोप है कि कुछ दिन बाद महिला ने उसके मोबाइल पर अश्लील वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजा। साथ ही बताया कि उसके पास पूरा वीडियो मौजूद है। महिला ने युवक से 1 लाख रुपए की मांग की। रकम नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • CG : चम्मच को भी चोरों ने नहीं छोड़ा, वारदात में शामिल सभी शातिर पकड़ाए …

    बिलासपुर। आर्य समाज धर्मशाला में चोरी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ताम्बे का बर्तन, पूजा सामाग्री सहित घरेलू सामान बरामद किया गया है। आरोपियों में तीन नाबालिग हैं। सरकंडा पुलिस ने बताया कि डीएलएस कॉलेज के पास आर्य धर्मशाला न्यास दयानंद सेवाधाम सरकंडा निवासी वेद आर्य पिता योगेन्द्र कुमार (25) ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि होली त्यौहार के कारण धर्मशाला में ताला लगाकर अपने गृह ग्राम सक्ती गए थे। 7 मार्च को सुदर्शन जायसवाल ने फोन कर बताया कि धर्मशाला का ताला टूटा हुआ है।

    तब पीडि़त वेद धर्मशाला आकर देखा तो धर्मशाला के स्टोर रूम में रखे ताम्बे का बर्तन प्लेट, ग्लास चम्मच, लोटा, ताम्बे की पूजा सामाग्री, साउंड बॉक्स, कपड़ा, सफाई का सामान करीब 40 हजार रुपए चोरी हो गई थी। किसी अज्ञात चोर ने ताला तोडक़र सामान को पार कर दिया था। इस मामले में पुलिस अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदेही निखिल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ किया। तब उसने अपने तीन नाबालिक साथियों के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की।

  • CG: रायपुर : धान में रेत मिलाकर हेराफेरी करने वाला खरीदी केन्द्र प्रभारी बर्खास्त …

    रायपुर : उपार्जित धान में रेत मिलाकर  व्यक्तिगत लाभ के नीयत से हेराफेरी कर गबन करने के मामले में बलौदाबाजार  जिला प्रशासन द्वारा कड़ी कार्यवाही करते हुए धान खरीदी प्रभारी को बर्खास्त कर दिया गया हैं।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार  प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित निपनिया के धान उपार्जन केन्द्र निपनिया में उपार्जित धान के बोरों में रेत, कंकड़ धूल-मिट्टी मिलाने संबंधी वायरल विडियों की संयुक्त जाँच दल द्वारा 8मार्च 2026 को जॉच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। प्राप्त प्रतिवेदन में धान उपार्जन केन्द्र निपनिया के भौतिक सत्यापन में 137.20 क्विंटल धान अधिक पाया गया है। प्रतिवेदन में धान  खरीदी प्रभारी  लीलाराम सेन द्वारा हमालों के माध्यम से लगभग 5300 कट्टों में 2 से 3 किलोग्राम रेत मिलाया गया है व मिलाए गए रेत के बराबर लगभग 132 क्विंटल धान का व्यक्तिगत लाभ के नियत से हेराफेरी कर गबन किया जाना प्रतिवेदन किया गया।

     प्रतिवेदन में उल्लेखित तथ्यों के आधार पर उपायुक्त सहकारिता द्वारा उपार्जन केन्द्र निपनिया के धान खरीदी प्रभारी लीलाराम सेन को  पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने पर जवाबदेही तय करते हुए छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 की धारा 55 (1) के उपबंधों के अधीन जारी कर्मचारी सेवानियम 2018 के नियम क्रमांक 16 के तहत सेवा से पृथक करने की कार्यवाही हेतु अनुशंसा प्राधिकृत अधिकारी को की गई। प्राधिकृत अधिकारी द्वारा उपरोक्त कृत्य हेतु  धान खरीदी प्रभारी, धान उपार्जन केन्द्र निपनिया  लीलाराम सेन की  सेवा से पृथक करने की कार्यवाही की गई।

  • CG : रायपुर : महिला दिवस पर बहतराई में एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिता आयोजित …

    महिला दिवस पर बहतराई में एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिता आयोजित

    रायपुर : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिकाओं एवं महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई, बिलासपुर में एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिता का कल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की बालिकाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

                प्रतियोगिता में कबड्डी, तीरंदाजी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल तथा हॉकी खेलों का आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में बालिका आवासीय कबड्डी अकादमी, बिलासपुर विजेता तथा बालिका आवासीय कबड्डी अकादमी, बिलासपुर उपविजेता रही। तृतीय स्थान वीर शिवाजी कबड्डी अकादमी, बिलासपुर और चतुर्थ स्थान बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर को प्राप्त हुआ।

               तीरंदाजी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में सुलोचना राज प्रथम, पायल मरावी द्वितीय और माया बघेल तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में नंदनी पोर्ते प्रथम, यामिनी धीवर द्वितीय तथा सिमरन खुसरो तृतीय स्थान पर रहीं। सब-जूनियर वर्ग में स्नेहा प्रथम, निकिता द्वितीय और विनीता नेताम तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि मिनी वर्ग में एकता ध्रुव प्रथम, नेहा यादव द्वितीय तथा स्मृति नेताम तृतीय स्थान पर रहीं।

              बास्केटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ बास्केटबॉल टीम, बिलासपुर विजेता तथा बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर उपविजेता रही। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पुलिस लाइन, बिलासपुर की टीम विजेता तथा राजकिशोर नगर, बिलासपुर की टीम उपविजेता रही। बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

               हॉकी प्रतियोगिता में टीम ‘ए’ स्व. बी.आर. यादव राज्य हॉकी, बिलासपुर विजेता रही, जबकि टीम ‘बी’ खेलो इंडिया हॉकी, बिलासपुर उपविजेता रही। टीम ‘सी’ हॉकी बिलासपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा टीम ‘डी’ हॉकी बिलासपुर को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

              प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक संचालक ए. एक्का, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुनील गौरहा, हॉकी हेड कोच अजीत ई. लकड़ा, वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, कबड्डी प्रशिक्षक दिल कुमार राठौर, वॉलीबॉल प्रशिक्षक हरगुलशन सिंह, श्रीनिवास नायर, तीरंदाजी सहायक प्रशिक्षक ए.पी.सी. ईतवारी राज, मनमोहन पटेल सहित स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • CG : रायपुर : पक्की छत के नीचे, सुकून और स्वाभिमान भरी जिंदगी मिली जयनाथ को …

    रायपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों को पक्का मकान देकर उनके जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाया है। इस योजना के तहत सभी पात्र परिवारों को पक्का घर प्रदान करना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय और एलपीजी जैसी बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्का घर मिल रहे हैं।

                 जिला सूरजपुर के जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत सत्यनगर निवासी जयनाथ के जीवन में अब एक नई सुबह आई है – एक ऐसी सुबह, जो पक्की छत के नीचे, सुकून और स्वाभिमान के साथ शुरू होती है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) लाखों गरीब परिवारों को सिर्फ आशियाना नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और एक बेहतर भविष्य की नींव दे रही है।

                  जयनाथ एक साधारण मजदूर हैं, जिनका जीवन वर्षों तक संघर्ष और अभाव की छाया में बीता। कच्चे मकान की टूटी-फूटी दीवारें और छलनी छत उनके परिवार की मुश्किलों की गवाह थीं। बरसात के मौसम में तो हालत और भी विकट हो जाती थी – घर के भीतर पानी भर जाता, सामान भीग जाता और रातें जागते हुए काटनी पड़ती थीं। खुद के लिए एक पक्का घर बनाने का सपना, सपना ही बना रहता था।

    शासन की संवेदनशील दृष्टि ने उनके इस दर्द को पहचाना

                  प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में श्री जयनाथ को आवास स्वीकृत हुआ। योजना की सहायता से पक्का मकान बनकर तैयार हुआ और वर्षों का वह दर्द, जो हर बरसात में ताजा हो जाता था, अब इतिहास बन चुका है। आज जयनाथ अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।

                    जयनाथ की यह कहानी केवल एक परिवार के जीवन में आए बदलाव की गाथा नहीं है – यह उस विश्वास की कहानी है कि जब नीयत साफ हो और इरादे मजबूत, तो सरकार हर जरूरतमंद के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होती है।

  • CG : रायपुर : सनावल जलाशय योजना के कार्य के लिए 3.97 करोड़ रुपए स्वीकृत …

    रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखण्ड-रामचन्द्रपुर की सनावल जलाशय योजना का जीर्णोद्धार कार्य के लिए 3 करोड़ 97 लाख 16 हजार रुपए स्वीकृत किए है। प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत रूपांकित सिंचाई क्षमता 113 हेक्टेयर के विरूद्ध 73.20 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति तथा 13 हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई सहित कुल 126 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। योजना के कार्य कराने मुख्य अभियंता हसदेव गंगा कछार, जल संसाधन विभाग अंबिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। 

  • CG : रायपुर : समूह की ताकत से उषा श्रीवास बनीं ‘लखपति दीदी’ …

    रायपुर : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम में प्रदेशभर से आई महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियां साझा कीं। इस कार्यक्रम में मुंगेली जिले की महिलाओं ने भी अपनी सफलता की कहानी सुनाकर सबको प्रेरित किया। विकासखंड पथरिया के चंदखुरी स्थित जय माँ शीतला स्वयं सहायता समूह की सदस्य उषा श्रीवास ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने छोटे स्तर से आजीविका गतिविधि शुरू की। समूह के सहयोग, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता के बल पर उन्होंने अपने काम को आगे बढ़ाया और आज आर्थिक रूप से सशक्त बनकर ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचान बनाई है।
         इसी तरह ग्राम पंचायत मोहभट्टा की धनेश्वरी साव ने भी अपनी प्रेरक यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आजीविका का मजबूत आधार मिला। लगातार मेहनत और समूह के सहयोग से उन्होंने अपनी आय बढ़ाई और आज वे अपने परिवार के साथ-साथ अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

    स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई लखपति दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सामूहिक प्रयास, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं के सहयोग से महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं।

  • CG : अम्बिकापुर : जिले के 75 परीक्षा केन्द्रों में हाई स्कूल संस्कृत एवं उर्दू विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, उड़नदस्ता दल ने किया आकस्मिक निरीक्षण …

    अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा संचालित हाई स्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2026 अंतर्गत 09 मार्च 2026 को जिले के 75 परीक्षा केन्द्रों में संस्कृत एवं उर्दू विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा गठित उड़नदस्ता दल ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लहपटरा, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उदारी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंदी आरा सहित अन्य केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।

    इसी प्रकार जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित उड़नदस्ता दल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खलिबा एवं केदारपुर, सेजेस गांधीनगर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मणिपुर वार्ड अम्बिकापुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा शांतिपूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होना पाया गया। संस्कृत विषय की परीक्षा में कुल पंजीकृत 8210 विद्यार्थियों में से 7958 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि 252 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं उर्दू विषय की परीक्षा में कुल पंजीकृत 80 विद्यार्थियों में से 80 विद्यार्थी उपस्थित रहे।

  • CG : कोण्डागांव : ‘उद्योग-बैंकर संवाद‘ कार्यशाला 11 मार्च को …

    कोण्डागांव : रैम्प (RAMP) योजना के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) इकाइयों, महिला उद्यमियों, स्व-सहायता समूह (SHG½  तथा कारीगरों को बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय सहायता से जोड़ने हेतु “उद्योग-बैंकर संवाद” एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 11 मार्च 2026 को कार्यालय कलेक्टर कोण्डागांव के सभाकक्ष में 11 बजे से किया जा रहा है।

        उक्त कार्यशाला में विभिन्न बैंकों द्वारा ऋण योजनाओं की जानकारी, MSME/शाखाओं से संबंधित वित्तीय समस्याओं का समाधान, क्रेडिट लिंक्ड योजनाओं (CGTMSE, PMEGP, PMFME आदि) की जानकारी, उद्यमियों और बैंकर के मध्य प्रत्यक्ष संवाद, महिला उद्यमियों एवं स्वसहायता समूहों हेतु विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। 

        जिले के सभी इच्छुक उद्यमियों एवं लाभार्थियों से आग्रह है कि वे इस निःशुल्क कार्यशाला में भाग लें। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोण्डागांव (संपर्क – कुसुमलता नेताम, प्रबंधक – 6261547378) से संपर्क कर सकते हैं।

  • CG : उत्तर बस्तर कांकेर : सांसद-विधायक निधि मद के निर्माण कार्याें को प्राथमिकता से पूर्ण करें: कलेक्टर …

    उत्तर बस्तर कांकेर : कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर लंबित प्रकरणों एवं विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांसद निधि एवं विधायक निधि के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन कार्यों को अब तक प्रारंभ नहीं किया गया है, उन्हें तत्काल शुरू करने के लिए संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया। इस दौरान कलेक्टर ने शासन द्वारा स्वीकृत विभिन्न सड़क एवं पुल-पुलिया के निर्माण कार्यों को मई माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

        कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 11 बजे आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर क्षीरसागर ने विभिन्न विभागों में निष्क्रिय बैंक खातों को अब तक समायोजित नहीं किए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे शीघ्रता से करने के निर्देश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग में डीफ एकाउंट की सर्वाधिक संख्या को देखते हुए उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं की समाप्ति के तुरंत बाद ब्लॉक स्तर पर कैम्प लगाकर निष्क्रिय खातों को समायोजित करने की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।

    इसी तरह ऐसे शासकीय वाहन जो 15 साल चल चुके हैं, उनका हर हाल में शत-प्रतिशत अपलेखन करने के निर्देश जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजना के तहत स्वीकृत निर्माण के छोटे-छोटे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने शासन द्वारा स्वीकृत पुल-पुलिया एवं सड़क निर्माण के सभी कार्यों को प्रारंभ कर आगामी मई माहांत तक पूरा करने के भी निर्देश निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए।

        इसके अलावा बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए शीघ्रता से पूर्ण कराने के लिए जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी को निर्देशित किया। इस दौरान सामाजिक अंकेक्षण, आंगनबाड़ी एवं पीडीएस भवन निर्माण, ठोस अपशिष्ट प्रबध्ंान सहित स्वास्थ्य विभाग पोषण पुनर्वास केंद्र, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, आयुष्मान भारत के अलावा विभिन्न कार्यों में प्रगति लाने के लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

    बैठक मंे उन्होंने ई-ऑफिस का क्रियान्वयन एवं बॉयोमेट्रिक आधारित अटेंडंेस सिस्टम का कड़ाई से पालन करने तथा अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को भी अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए पूर्ण गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ भानुप्रतापपुर श्री हेमचंद पहारे, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं बी.एस. पैकरा, विभिन्न अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी सहित जिले एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।