राजनांदगांव सोमनी | ग्राम पंचायत ठेकवा (फरहद) में सोमवार को महिला दिवस मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम के सरपंच, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायिका व मितानिनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को तिलक लगाकर स्वागत किया गया। सरपंच ने नारी शक्ति के संदर्भ में अपनी उद्बोधन दिया और साथ ही उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रोजगार सहायिका व मितानिनों को श्रीफल, साड़ी भेंटकर नारी शक्ति को सम्मानित किया।
-
राजनांदगांव : कार्यकर्ता, सहायिका व मितानिनों का सम्मान…
-
राजनांदगांव : परमालकसा सरपंच दिल्ली में होंगी सम्मानित…
राजनांदगांव| ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, जन भागीदारी की दिशा में समर्पण भाव से काम करने वाली ग्राम पंचायत परमालकसा की सरपंच परमीला साहू को दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने मंगलवार को दिल्ली प्रस्थान किया। पंचायत में बेहतर काम करने पर उनका चयन किया गया। दिल्ली प्रस्थान के दौरान जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों द्वारा उनके निवास स्थान पहुंच उन्हें रवाना किया गया।
-
राजनांदगांव : दहशत: जहां बाघ की मूवमेंट वहां से कुछ दूरी पर स्कूल…
राजनांदगांव , औंधी के मरकाटोला में जिस हिस्से में बाघ देखा गया है, वहां से कुछ दूरी पर ही स्कूल मौजूद हैं। आसपास के गांव के बच्चे भी इस हिस्से से होकर पैदल स्कूल जाते हैं। इससे ग्रामीणों और बच्चों में भी दहशत बनी हुई है।
हालाकि दो दिनों से बाघ को फिर किसी ग्रामीण ने नहीं देखा है। वन अमले ने जंगल के करीब ट्रैप कैमरा भी लगाया है। लेकिन इसमें भी अब तक बाघ कैद नहीं हो पाया है। इससे यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि बाघ महाराष्ट्र की जंगल की ओर लौट गया है। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। दरअसल मरकाटोला क्षेत्र में बाघ ने दो अलग-अलग जानवरों को शिकार बनाया है।
आशंका है कि शिकार की तलाश में बाघ वापस बस्ती की ओर लौट सकता है। इसे देखते हुए वन अमला लगातार अलर्ट है। गांव में मुनादी कराकर लोगो को भी सतर्क रहने की अपील की गई है। दहशत के चलते ग्रामीणों ने फिलहाल बच्चों को स्कूल भेजना भी बंद कर दिया है। वहीं शाम भी ग्रामीण खेत और जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं।
-
राजनांदगांव : इलेक्ट्रिक मोपेड पर लगी आग, वजह स्पष्ट नहीं हुई…
राजनांदगांव | कंचनबाग में रेलवे कर्मचारी के घर के बरामदे में खड़ी इलेक्ट्रिक मोपेड में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही मिनट में मोपेड पूरी तरह जल गई। हालाकि बैटरी में किसी तरह का ब्लास्ट नहीं हुआ है। इससे आग लगने की वजह साफ नहीं हो रही है।
कंचनबाग निवासी श्रवण यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी ईवी मोपेड को घर के बरामदे में खड़ा किया था। रविवार शाम 7.30 बजे अचानक मोपेड में आग लग गई। जबकि तब मोपेड को चार्ज में भी नहीं लगाया गया था। बैटरी को भी किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा हैं। ऐसे में मोपेड के सामने हिस्से में तेजी से फैली आग की वजह साफ नहीं हो रही है।
-
राजनांदगांव : टैक्स नहीं दिया तो पानी व प्रॉपर्टी पर लगेगी पेनल्टी…
राजनांदगांव| संपत्तिकर व जलकर के अधिभार से बचने के लिए 31 मार्च तक टैक्स करना होगा। इसके बाद टैक्स जमा करने वालों पर निगम ने 5 से 15 फीसदी का अधिभार जोड़ने की तैयारी है। इससे बचने के लिए बकायादारों को 31 मार्च तक टैक्स जमा करने की अपील की गई है। निगम ने 31 मार्च के बाद जलकर में 15 फीसदी तो संपत्तिकर में 5 फीसदी अधिभार का फैसला किया है।
बता दें कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में निगम की कुल टैक्स डिमांड 27 करोड़ 93 लाख रुपए है। इसके विरुद्ध अब तक 19 करोड़ 81 लाख रुपए की टैक्स वसूली हो चुकी है। आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बकायादारों को निर्धारित समय से पहले टैक्स जमा करने की अपील की है। इधर बड़े बकायादारों को नोटिस भी जारी किया जा रहा है।
-
राजनांदगांव : गोवंश को हादसों से बचाने सींग पर लगाई रेडियम…
राजनांदगांव | अंतर राष्ट्रीय मानवाधिकार रक्षक की टीम ने खपरी कला बाकल में में गौ संरक्षण अभियान चलाया। रात में हादसों से बचाव के लिए गोवंश के सींग में लाल रेडियम पट्टी लगाई। खपरी कला की सरपंच माधुरी साहू, ग्राम अध्यक्ष हीरामन महेश्वरी, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रॉकी रेनॉल्ड एंथोनी, प्रदेश महासचिव रॉबिन हेनरी फ्रांसिस, प्रदेश सलाहकार नवनीत बारस्कर, प्रदेश सचिन डारी लाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष लोकेश देवांगन, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र लेंझारे, ओंकार साहू सहित संगठन के अन्य सदस्यों की मौजूदगी रही।
-
राजनांदगांव : तीन चौराहों में कम ट्रैफिक लोड वाले हिस्से का सिग्नल बंद किया…
राजनांदगांव , ट्रैफिक पुलिस ने शहर के तीन प्रमुख चौराहों में कम ट्रैफिक लोड वाली दिशा का सिग्नल बंद कर दिया है। इससे शेष तीन हिस्से में सिग्नल की टाइमिंग में 20 सेकंड की कमी आएगी। वहीं चौराहों से गािड़यां भी जल्द आगे बढ़ सकेंगी।
ट्रैफिक पुलिस की टीम ने रामदरबार चौक, आरके नगर चौक और मेडिकल कॉलेज चौक में यह परिवर्तन किया है। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की टीम ने सिग्नलों पर बढ़े दबाव और जरुरी बदलाव को लेकर विश्लेषण किया। जिसमें सामने आया कि इन तीनों ही चौराहों में गाड़ियों की आवाजाही तीन दिशा से ही अधिक होती है। जबकि चौथी दिशा से गिनती के वाहन ही पार होते हैं। इसे देखते हुए कम ट्रैफिक वाले दिशा का सिग्नल बंद करने का निर्णय लिया गया है। अब शेष दिशा में सिग्नल की टाइमिंग में 20 सेकंड की कमी आ गई है।
-
राजनांदगांव : खनिज के अवैध उत्खनन व परिवहन करने पर कार्रवाई…
राजनांदगांव| खनिज विभाग द्वारा डोंगरगांव तहसील अंतर्गत ग्राम खुज्जी, बघमार, साल्हे, लक्ष्मणभरदा, गनेरी-मनेरी, नादिया तथा छुरिया तहसील के नागरकोहरा, बरछाटोला, कल्लूटोला, मोतीपुर, बंशी बंजारी क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। खनिज अमला द्वारा नागरकोहरा निवासी भारत साहू के स्वामित्व की जेसीबी एवं हाईवा-तथा मुरुम-मिट्टी को थाना चिचोला सुपुर्द किया गया। इसी तरह पाण्डुका निवासी तिरथदास साहू के स्वामित्व की ट्रैक्टर एवं रेत तथा लक्ष्मण भरदा निवासी भानूराम गोड़ के ट्रैक्टर को जब्त किया।
-
राजनांदगांव : नकली बीयर, शराब दुकानों में बच्चों की एंट्री पर फूटा कांग्रेसियों का गुस्सा…
राजनांदगांव , छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले, नकली बीयर और नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ आज युवा कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी के नेतृत्व में युवाओं ने आबकारी कार्यालय का घेराव किया और विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान जिस फर्जी स्टीकर वाली बीयर का वीडियो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा ट्वीट किया गया था।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने अफसरों को उसी ब्रांड की नई बीयर केन पर लगे नकली स्टिकर को दिखाया। जिससे स्पष्ट हो कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो पूरी तरह तथ्यात्मक है और उसे झुठलाया नहीं जा सकता। प्रदर्शन कारियों ने बीयर केन और प्रतीकात्मक शराब की बोतलें आबकारी अधिकारी के चैंबर के सामने धरना दिया। अधिकारी के पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई।
प्रदर्शन कारियों ने प्रतीकात्मक बीयर की बोतल आबकारी अधिकारी के चेंबर में रख दी। निखिल द्विवेदी ने चेतावनी देते कहा सरकार और आबकारी विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो युवा कांग्रेस प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में पूर्व पार्षद शरद पटेल, गणेश पवार, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सोनी, विप्लव शर्मा, सौरभ तिवारी, ऋषभ निर्मलकार, हर्ष मधु साहू, मोहित कोचरे सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एक सुपरवाइजर को हटाकर मामले को दबाने की कोशिश: उन्होंने कहा नकली बीयर, मिलावटी शराब और नशे का अवैध कारोबार हो रहा है। केवल एक सुपरवाइजर को हटाकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जो सरासर खानापूर्ति है। मामले में उच्च स्तरीय जांच और एफआईआर दर्ज कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अभिमन्यु उदय मिश्रा ने कहा आबकारी विभाग मान रहा है कि नवंबर से इस बीयर की बिक्री पर रोक थी, तो सवाल यह है फिर यह बीयर दुकानों में कैसे बिक रही थी।
-
राजनांदगांव : धान के उठाव में तेजी लाएं, निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करें: कलेक्टर…
राजनांदगांव , कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। कलेक्टर ने इस वर्ष बजट में शामिल विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने बजट में शामिल विकास कार्य को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्राक्कलन बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिससे जनसामान्य को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने पिछले वर्ष में बजट में स्वीकृत कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वीकृत एवं निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदारों को सर्वेयर द्वारा किए गिरदावरी कार्य की पुन: जांच कर रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को संज्ञान लेते हुए हटाने के निर्देश दिए। जिससे शासकीय भूमि का शासकीय विकास कार्यों में उपयोग किया जा सके। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अपने विभाग से संबंधित उच्च न्यायालय में चल रहे प्रकरणों की जांच कर समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी आंगनबाड़ी एवं स्कूली बच्चों के आधार अपडेशन अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए। इसके लिए तिथि निर्धारित करते हुए प्रत्येक स्कूलों में छूटे हुए बच्चों का आधार अपडेशन शिविर आयोजित करने कहा, जिससे शत प्रतिशत बच्चों का आधार कार्ड बन सके। कलेक्टर ने जिले में संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बाल एवं मातृत्व मृत्यु दर में कमी लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
छात्रावासों में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान देते हुए लगातार निरीक्षण करने के लिए कहा। छात्रावासों में नजदीकी हॉस्पिटलों की सूची चस्पा करने के निर्देश दिए। बच्चों को समय पर छात्रवृत्ति दिलाने के लिए कहा। कलेक्टर ने लक्ष्य निर्धारित करते हुए धान के उठाव के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मिलर्स के लिए लक्ष्य निर्धारित करने कहा।
-
राजनांदगांव : गौरव पथ किनारे बना चबूतरा कई जगह क्षतिग्रस्त, मरम्मत की मांग…
राजनांदगांव | गौरवपथ किनारे दोनों तरफ पैदल आवाजाही करने बना चबूतरा कई स्थानों में क्षतिग्रस्त हो गया है। इसमें पैदल चलना को मुश्किल है वहीं सुंदरता भी खराब हो रही है। सालों पहले यहां इंटर लॉकिंग की गई थी। लेकिन अब अंतर राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के सामने, साइंस कॉलेज के पास, बख्शी स्कूल के सामने, क्रेडा विभाग के पास कई जगह से इंटर लाकिंग उखड़ चुकी है। कई जगह इसका मटेरियल बिखरा पड़ा है। इस चबूतरे से बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और स्टेडियम जाने वाले खिलाड़ी आवाजाही करते है। इसकी मरम्मत की जरूरत है।
-
राजनांदगांव : सरकारी दफ्तरों के सामने बेतरतीब पार्किंग, गाड़ियां रखने की जगह नहीं…
राजनांदगांव | सरकारी दफ्तरों के सामने दो पहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण लोगों को कार्यालय में प्रवेश करने में समस्या होती है। कलेक्ट्रेट के पीछे वाले गेट के पास निगम, तहसील कार्यालय, जनपद कार्यालय भवन के सामने, कंपोजिट भवन के सामने यह नजारा आम हो गया है। कंपोजिट भवन में श्रम विभाग होने से हितग्राही पहुंचते है। समाज कल्याण विभाग में दिव्यांग पहुंचते है। यहां पार्किंग व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।
-
राजनांदगांव : शहर के क्षतिग्रस्त गार्डन की मरम्मत की जरूरत…
राजनांदगांव | स्टेट स्कूल के गार्डन को जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की जरूरत है। यहां प्राचार्य कार्यालय के पास बेहद सुंदर गार्डन है। लेकिन मेंटनेंस के अभाव में क्षतिग्रस्त हो गया है। वर्तमान में वहां एक मेला और झूले लगे है। यहां के पेड़ों को कोई नुकसान नहीं पहुंचे इसका ध्यान रखने की जरूरत है। शहर में पुष्प वाटिका, चौपाटी, ओपन जिम में बिगड़े पड़े झूले एवं व्यायाम सामग्री को मरम्मत करने की जरूरत है।
-
राजनांदगांव : रेलवे स्टेशन के स्वागत द्वार के पास रोड खराब…
राजनांदगांव | रेलवे स्टेशन के स्वागत द्वार के पास की सड़क बेहद जर्जर हो गई है। रोज इसी रास्ते से यहां बड़ी संख्या में रेल यात्री स्टेशन पहुंचते है। इसी जगह ऑटो और ई रिक्शा मिलती है। सड़क खराब होने से स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को हिचकोले खाने पड़ रहे। रेलवे स्टेशन में रिनोवेशन का काम चल रहा है। लेकिन स्टेशन के दायरे से बाहर आते ही जर्जर सड़क शहर की सुंदरता को खराब कर रही।
-
राजनांदगांव : होली पर्व के बाद कई चौराहों से नहीं उठा कचरा, बदबू से लोग परेशान…
राजनांदगांव | होली पर्व के बाद शहर के कई चौराहों में बड़ी मात्रा में कचरा डंप हो गया है। पर्व के अवकाश के दौरान सफाई कार्य थोड़ा प्रभावित रहा। लेकिन अब भी शहर के कुछ चौराहों से कचरे का उठाव नहीं किया जा सका है। इसमें प्लास्टिक, पन्नी एवं होली पर्व से संबधित खाद्य सामग्री के पैकेट शामिल है। मवेशी उन्हें बगरा रहें है। वहीं गंदगी से शहर की सुंदरता खराब हो रही। ऐसे चौराहों से सफाई की जरूरत है।
-
राजनांदगांव : मौसमी तंत्र ला-नीना बनाएगा रिकॉर्ड, अप्रैल-मई में पारा 46 डिग्री तक पहुंचेगा…
राजनांदगांव , मौसमी तंत्र ला नीना के असर से इस बार गर्मी प्रचंड रहने वाली है। अप्रैल – मई में तापमान का स्तर 45 डिग्री के पार होगा। वहीं तापमान इस साल नए रिकार्ड भी दर्ज कर सकती है। भीषण गर्मी का असर अभी से दिखने लगा है। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है।
मौसम विभाग विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि ला नीना के असर से ही इस बार बारिश औसत से अधिक रही। ठंड भी कड़ाके की पड़ी और शीत लहर करीब 25 दिन दर्ज किया गया। इसके बाद गर्मी में भी ला नीना का प्रभाव दिखेगा। इससे गर्मी बीते सालों की तुलना में कही अधिक रहने वाली है। मार्च से शुरु हो रही गर्मी जून तक रिकार्ड स्तर पर बनी रहेगी। इस दौरान हीट वेव के दिन भी बीते सालों की तुलना में अधिक रहेंगे। तापमान का स्तर बीते सालों से ऊपर जाने की प्रबल संभावना है। ऐसे में जिले के लोगों को भीषण गर्मी से जूझना पड़ेगा।
बीते दस साल में अधिकतम तापमान ऐसा रहा: 2016 44 डिग्री, 2017 में 45 डिग्री, 2018 में 44.5 डिग्री, 2019 में 45 डिग्री, 2020 में 43 डिग्री, 2021 में 44 डिग्री, 2022 में 45 डिग्री, 2023 में 44.5 डिग्री, 2024 में 45.7 डिग्री, 2025 44 डिग्री दर्ज की गई है।
सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके पहले रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया था। बीते दो दिनों में यह प्रदेश में तापमान का सबसे अधिक स्तर है। नांदगांव पूरे प्रदेश में सबसे गर्म बना हुआ है। तेज धूप के साथ गर्म हवाएं भी चलने लगी है। मार्च में ही तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
-
राजनांदगांव : ईरा में शिव महापुराण कथा का आयोजन 20 मार्च से…
-
राजनांदगांव : शिक्षा ही पूरे समाज के विकास की मुख्य धुरी है : रश्मि सिंह…
राजनांदगांव | उल्लास नव नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत महिला दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभाकक्ष में महिला साक्षरता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिले के चारों विकासखंड से आए नव साक्षर व स्वयंसेवी शिक्षक विकासखंड के प्रभारी उपस्थित रहे। संगोष्ठी में विचार व्यवस्था करते हुए बताया गया कि महिलाओं को क्या-क्या अधिकार प्रदान किए गए हैं। टोल फ्री नंबर 181 व बाल संरक्षण हेल्पलाइन के संबंध में जानकारी दी गई।
जिला परियोजना अधिकारी रश्मि सिंह के द्वारा साक्षर महिला साक्षर समाज विषय पर जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि शिक्षा ही समाज के विकास की मुख्य धुरी है। पढ़ने लिखने में हमें संकोच नहीं करना चाहिए। जीवन भर सीखने की ललक हममें होनी चाहिए। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग गुरप्रीत कौर, परियोजना अधिकारी रश्मि सिंह, कामिनी साहू, नितिन हिरवानी, पीडी साहू, कल्पना पटले आदि मौजूद रहे।
-
राजनांदगांव : फरहद चौक की लाइटें बंद, हादसे का खतरा, दुपहिया चालक परेशान…
राजनांदगांव | फरहद चौक में लगी लाइटें बंद पड़ गई है। इससे दिन ढलते ही चौराहे पर अंधेर पसर जाता है। फरहद चौक में चारो दिशाओं से छोटे और भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। जिससे यहां ट्रैफिक लोड भी अधिक रहता है। ऐसे में अंधेरे की वजह से हर समय हादसे का खतरा बना रहा है। खासकर ग्रामीण छोटे-छोटे हादसों का शिकार हो रहे हैं। यहां व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत है।
-
राजनांदगांव : शहर के स्पीड ब्रेकर्स का मटेरियल उखड़ा, अनियंत्रित हो रहे वाहन…
राजनांदगांव | शहर में कई जगह बने स्पीड ब्रेकर्स का मटेरियल उखड़ गया है। इससे दो पहिया वाहन चालक स्पीड से निकल जाते है। ऐसे में हादसों की आशंका बनी रहती है। यह नजारा, चिखली, ढाबा रोड, रामाधीन मार्ग, गंज चौक, गुरद्वारा रोड सहित अन्य इलाकों में देखा जा सकता है। ब्रेकर वाहनो की गति को नियंत्रित करने बनाया गया था। कई सकड़ी सड़कों में केवल दो पहिया वाहन गुजरते है लेकिन उनकी स्पीड ज्यादा होती है। ब्रेकर की मरम्मत की जरूरत है।