राजनांदगांव : राजनांदगांव में पहले दिन 726 किसानों ने बेचा धान, 118 केंद्रों पर 26,361 क्विंटल खरीदी...
राजनांदगांव में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। पहले ही दिन किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के 118 उपार्जन केंद्रों में 726 किसानों से कुल 26,361.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई।
पहले दिन जारी टोकन के मुकाबले 89.19 प्रतिशत किसान धान बेचने केंद्र पहुंचे। डिजिटल व्यवस्था के तहत किसानों ने मोबाइल ऐप से भी बड़ी संख्या में टोकन प्राप्त किए।

पहले दिन 814 टोकन जारी, 787 मोबाइल ऐप से मिले
जिले में पहले दिन कुल 814 टोकन जारी किए गए थे। इनमें से 787 टोकन किसानों ने मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं प्राप्त किए। ऐप से टोकन लेने वाले किसानों से कुल 25,548 क्विंटल धान की खरीदी की गई। प्रशासन की डिजिटल व्यवस्था और मोबाइल ऐप के जरिए टोकन मिलने की सुविधा से खरीदी प्रक्रिया को गति मिली है।

मोहारा केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी का शुभारंभ
राजनांदगांव के मोहारा धान खरीदी केंद्र (ढाबा समिति) में छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी उत्सव की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल ने धान बेचने पहुंचे किसान मोहित उईके और मोतीलाल सोनकर का टीका लगाकर, माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया। इसके बाद कांटा-तराजू की पूजा कर धान की तौल शुरू की गई।

3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान
इस अवसर पर संतोष अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान कर रही है। वहीं, प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था से किसानों को बड़ा संबल मिल रहा है।
समिति की प्राधिकृत अध्यक्ष कृष्णादेवी श्रोती ने कहा कि यदि कोई किसान 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी सरकार की ओर से किसान हित में दी जाने वाली सहायता का निर्णय मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम में आलोक श्रोती, विजय राय, फागुराम साहू, समिति प्रबंधक हुपेन्द्र देशमुख सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान और हमाल उपस्थित रहे।
