छत्तीसगढ़ : शराब तस्करी के आरोपी को छोड़ने के बदले 1.5 लाख की डील! SI समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, मीडियाकर्मी से भी होगी पूछताछ….
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सारागांव थाने में अवैध शराब बिक्री के आरोपी को कथित तौर पर 1.5 लाख रुपए लेकर छोड़ने के आरोप में ट्रेनी सब इंस्पेक्टर समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। शुरुआती जांच में पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच पैसों के लेन-देन की पुष्टि होने की बात सामने आई है। एसपी विजय कुमार पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
आरोपी को छोड़ने के बदले पैसों के लेन-देन का आरोप
जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को सारागांव थाने में आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में गोपाल गोंड़ को आरोपी बनाया गया था। आरोप है कि थाने में पदस्थ ट्रेनी सब इंस्पेक्टर पुष्पेन्द्र साहू समेत 6 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने आरोपी को छोड़ने के बदले 1.5 लाख रुपए का लेन-देन किया। रकम लेने के बाद आरोपी को छोड़ने का आरोप है।
मामले की जानकारी 11 नवंबर को पुलिस अधिकारियों तक पहुंची, जिसके बाद एसपी विजय कुमार पांडेय ने जांच कराई। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद ट्रेनी एसआई समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
मीडियाकर्मी और आरोपी से भी होगी पूछताछ
मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपी गई है। जांच के दौरान इस मामले से जुड़ी खबर प्रकाशित करने वाले मीडियाकर्मी का भी बयान दर्ज किया जाएगा। उनसे खबर में प्रकाशित तथ्यों और जानकारी के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
इसके अलावा आरोपी गोपाल गोंड़ से भी कथित लेन-देन को लेकर पूछताछ होगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि पूरे मामले में किस पुलिसकर्मी की क्या भूमिका रही और पैसों का लेन-देन किन परिस्थितियों में हुआ।
यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति के मध्यस्थ होने की जानकारी सामने आती है तो उससे भी पूछताछ कर बयान दर्ज किया जाएगा। मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।
आरोप प्रमाणित होने पर दर्ज होगा अपराध

एसपी विजय कुमार पांडेय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में भ्रष्टाचार और अवैध लेन-देन के आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और पैसों के लेन-देन जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
