राजनांदगांव : संविधान दिवस से पहले संवरेगा अंबेडकर चौक, भव्य सौंदर्यीकरण की तैयारी तेज…
राजनांदगांव, संविधान दिवस पर संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के साथ संविधान के मूल्यों को सम्मान देने की तैयारी नगर निगम ने शुरू कर दी है। 26 नवंबर को संविधान दिवस से पहले डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर चौक स्थित भारतीय संविधान की प्रतिकृति स्थल की तस्वीर बदलने की तैयारी है।
यहां लंबे समय से आवश्यक रंग-रोगन, साफ-सफाई और आकर्षक विद्युत सज्जा की मांग की जा रही थी। बौद्ध कल्याण समिति की पहल पर महापौर मधुसूदन यादव ने स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। प्रतिकृति स्थल को स्वच्छ, आकर्षक और स्वरूप देने के साथ इसे और भव्य बनाने की कार्ययोजना तैयार करने की बात भी कही है। इससे संविधान दिवस पर यहां आने वाले लोगों को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराने की मांग रखी गई बौद्ध कल्याण समिति राजनांदगांव के अध्यक्ष दीपांकर खोबरागड़े ने 30 अक्टूबर को महापौर को लिखित आवेदन सौंपकर संविधान की प्रतिकृति स्थल की स्थिति सुधारने की मांग की थी। इसमें रंग-रोगन, साफ-सफाई, विद्युत सजावट और सौंदर्यीकरण कराने का आग्रह किया गया था। महापौर ने शुक्रवार को समिति के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की। अध्यक्ष दीपांकर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने स्थल की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए संविधान दिवस के पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराने की मांग रखी।
संविधान के मूल्यों के अनुरूप स्थल को सजाएं समिति के प्रतिनिधियों ने महापौर को बताया कि भारतीय संविधान केवल देश का सर्वोच्च कानून नहीं, बल्कि लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूल्यों का आधार है। संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के सम्मान में स्थापित इस प्रतिकृति स्थल को संविधान दिवस के अवसर पर विशेष रूप से सजाया जाना चाहिए। स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से इसकी गरिमा और बढ़ेगी। महापौर ने निगम अधिकारियों को आवश्यक कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
