राजनांदगांव/छुरिया। ग्राम कल्लुबंजारी में ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हुए 43 वर्षीय बाइक सवार हरिचंद पटेल की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में छुरिया पुलिस ने मर्ग जांच के बाद ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक हरिचंद पटेल पिता टीकम राम पटेल (43 वर्ष), निवासी ग्राम कल्लुबंजारी, 8 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच अपने भाई मितेश पटेल की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 09 JQ 2915 से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम कल्लुबंजारी स्थित जीवन सेट पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर क्रमांक CG 08 AP 6383 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में हरिचंद पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय अस्पताल छुरिया ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, राजनांदगांव रेफर किया गया। यहां 9 अक्टूबर को उन्हें भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 10 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:08 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हेमोरेजिक शॉक (Hemorrhagic Shock) से मृत्यु होना बताया गया है। मर्ग जांच के दौरान पंचों, परिजनों एवं ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए। जांच में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से दुर्घटना होना पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(a) एवं 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
