CG : पश्चिम क्षेत्र पुलिस कार्यालय में शान से लहराया तिरंगा …
डीसीपी रॉबिंसन गुड़िया ने दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
रायपुर । देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पश्चिम क्षेत्र पुलिस कार्यालय परिसर में गरिमापूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र श्री रॉबिंसन गुड़िया (भापुसे) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशु अग्रवाल (भापुसे), सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल, पश्चिम क्षेत्र के थाना प्रभारी और कार्यालयीन स्टाफ मौजूद रहा।
राष्ट्रगान के साथ गूंजा पुलिस परिसर
ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। पूरे परिसर में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का माहौल रहा।
इस अवसर पर डीसीपी रॉबिंसन गुड़िया ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
संविधान और कानून के प्रति निष्ठा सर्वोपरि
डीसीपी ने कहा कि पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी है कि वह संविधान और कानून के प्रति पूरी निष्ठा रखते हुए नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहे।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध नियंत्रण तथा जनहित में लगातार बेहतर कार्य करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।
