छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

सहायक आयुक्त आबकारी ने दिया शराब भट्ठी हटाने का आश्वासन …..ग्रामीणों ने स्थगित किया धरना प्रदर्शन

छुरिया- गैन्दाटोला शराब भट्ठी हटाने की मांग को लेकर सप्ताह भर से ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन चल रहा था । इस बीच आज सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने धरना स्थल पर पहुंचकर शराब भट्ठी शीघ्र हटाने का आश्वासन दिया । आबकारी आयुक्त के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आज धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया ।

उल्लेखनीय है कि गैन्दटोला नून्हाटोला मार्ग स्थित शराब भट्ठी हटाने की मांग को लेकर एक महीने पहले पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू एवं क्षेत्र के ग्रामीणों ने लामबंद होकर शराब भट्ठी के सामने धरना प्रदर्शन किए थे । ग्रामीणों का आरोप था कि उक्त शराब भट्ठी मार्ग से गुजरने वाले स्कूली छात्राओं, एवं महिलाओं के साथ आए दिन शराबियों द्वारा छींटाकशी एवं अभद्र व्यवहार किया जाता है जिससे नाराज होकर शराब भट्ठी उक्त स्थल से हटाने की मांग की गई थी । ग्रामीणों के धरना प्रदर्शन को देखते हुए उस समय आबकारी विभाग के अधिकारियों ने शराब भट्ठी को आगामी वित्तीय सत्र एक अप्रैल से स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया था । बताया जाता है कि निर्धारित तिथि को शराब भट्ठी नहीं हटी इस कारण एक अप्रैल को टेण्डर होना बताया जा रहा है जो सत्रह अप्रैल को खुला । लेकिन गैन्दटोला शराब भट्ठी के लिए कोई आवेदन नहीं आया । नतीजा यह हुआ कि शराब भट्ठी निर्धारित स्थल पर ही खुली रही इसके चलते पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू, सर्व आदिवासी समाज, किसान मोर्चा के सुदेश टीकम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुनः शराब भट्ठी के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया । सप्ताह भर बाद सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी एवं तहसीलदार आकांक्षा साहू, गैन्दाटोला थाना प्रभारी राजेश साहू ने धरना स्थल पर ग्रामीणों के बीच पहुंचकर शराब भट्ठी को हटाने की सहमति प्रदान की तब जाकर ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त किया ।

इस दौरान धरना स्थल पर पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू, सुदेश टीकम, सूर्य कुमार खिलारी, प्यारे लाल मंडावी, जयपाल यादव, पी.आर.पन्द्रे, मदन साहू, मोती साहू, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे ।

स्थल चयन होने तक बंद रहेगी शराब दुकान


सहायक आबकारी आयुक्त तिवारी ने धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जब तक नए स्थल पर शराब दुकान का संचालन शुरू नहीं होगा तब तक गैन्दाटोला नून्हाटोला मार्ग पर स्थित शराब दुकान बंद रहेगी ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button