छत्तीसगढ़रायपुर जिला

CG : 20 से ज्यादा जिलों में यलो अलर्ट, बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी …

रायपुर । छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत मिली हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। गुरुवार को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। चरमा में 3 सेंटीमीटर और गरियाबंद में 1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रहा।

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण मध्य प्रदेश, अंदरूनी ओडिशा और पूर्वी बिहार के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी सिस्टम के कारण गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ की स्थिति बन रही है।

राजधानी रायपुर में भी आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। खासतौर पर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button